नई दिल्ली, 5 अक्टूबर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरव दास ने पार्टी के शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी की आशंका जताई है। उन्होंने रविवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दावा किया कि सरकार उन्हें और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेने की तैयारी कर रही है। सौरव दास ने अपनी पोस्ट में कहा कि सरकार उन्हें, अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, रत्ना सिंह और सीजेपी के अन्य नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार को लगता है कि ऐसी कार्रवाई से उनकी आवाज दबाई जा सकती है तो यह उसकी गलतफहमी है। दास ने दावा किया कि युवाओं की नई पीढ़ी जाग चुकी है और अपने अधिकारों तथा भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता जेल में हों या बाहर, आंदोलन और अपनी मांगों को लेकर लड़ाई जारी रहनी चाहिए। दास ने यह भी कहा कि वे जेल जाने या किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं, लेकिन युवाओं की आवाज दबाना सरकार की बड़ी भूल होगी।
10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सौरव दास की पोस्ट को साझा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। दीपके ने लिखा, “कितनों को अरेस्ट करेंगे अमित शाह? 10 अक्टूबर को पूरा देश आ रहा है।” दरअसल, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी ने 10 अक्टूबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने फिलहाल प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी है।
सौरभ भारद्वाज ने बुलाई अहम बैठकें
इस बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने भी केंद्र सरकार की कार्रवाई को लेकर आशंका जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दावा किया कि केंद्र सरकार कुछ बड़ा प्लान कर रही है। आगामी रणनीति पर चर्चा के लिए उन्होंने सोमवार को कई बैठकें बुलाई हैं। दोपहर 12 बजे पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों और वार्ड प्रभारियों की बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे सभी विधायकों और पार्षदों की अहम बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इन बैठकों में मौजूदा राजनीतिक हालात और पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।


