एशियाई खेल : महिला क्रिकेट टीम उपाधि बचाने में सफल, बैडमिंटन, वुशु और टेबल टेनिस में मिश्रित नतीजे

नागोया/ निशिन, 22 सितम्बर। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में उतरी भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को 20वें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) में न सिर्फ अपना महाद्वीपीय दबदबा बरकरार रखा और खिताबी मुकाबले में श्रीलंका को 147 रनों से हराकर उपाधि की रक्षा की वरन खेलों के मौजूदा संस्करण में तीसरे दिन भारतीय दल को पहले स्वर्ण पदक का दीदार भी करा दिया।

पदक तालिका में भारत आठवें स्थान पर

भारत को मिले अब तक के इकलौते स्वर्ण पदक के बाद पदक तालिका पर गौर करें तो वह एक स्वर्ण, चार रजत व दो कांस्य यानी कुल सात पदकों के साथ आठवें स्थान पर है। अग्रणी देशों में शीर्षस्थ चीन पदकों का अर्धशतक (32+13+8=53) पूरा कर चुका है जबकि मेजबान जापान (11+16+19=46) और कोरिया गणराज्य (6+4+17=27) क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं।

बैडमिंटन व वुशु में पदक पक्के, पुरुष हॉकी टीम ने श्रीलंका को 16-0 से रौंदा

वहीं पुरुष बैडमिंटन टीम ने जापान को मात देकर महिला टीम के बाहर होने और निशानेबाजों के लिए मंगलवार को रहे फीके दिन की भरपाई की। इस क्रम में बैडमिंटन और वुशु में भी पदक पक्के हो गए जबकि पुरुष हॉकी टीम ने एक और शानदार जीत दर्ज करते हुए पूल मैच में श्रीलंका को 16-1 से रौंदा।

लक्ष्य सेन की अगुआई में भारत ने जापान को हरा पक्का किया पदक

पुरुष बैडमिंटन टीम स्पर्धा की बात करें तो भारत ने लक्ष्य सेन की जीत से शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद जबर्दस्त वापसी करते हुए जापान को मात दी और कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया। भारतीय पुरुषों ने पिछले चरण में रजत पदक जीता था। सेन ने वापसी करते हुए शानदार जीत हासिल की। उनके अलावा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी और आयुष शेट्टी की जीत ने टीम को सफलता दिलाई।

दो बार के विश्व रजत विजेता नाराओका के खिलाफ लक्ष्य की असाधारण वापसी

25 वर्षीय लक्ष्य पहला गेम गंवाने के बाद निर्णायक गेम में 14-19 से पिछड़े हुए थे, लेकिन उन्होंने असाधारण वापसी की और विश्व रैंकिंग में सातवें नंबर पर काबिज दो बार के विश्व चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता कोडाई नाराओका को 11-21, 21-5, 21-19 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

सात्विक-चिराग के बाद आयुष ने दल की जीत पक्की की

वहीं चालू सत्र में दो खिताब जीतने वाली सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने पूर्व विश्व चैम्पियन होकी ताकुरो व कोबायाशी युगो की जोड़ी को 21-18, 24-22 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप के उपजेता आयुष शेट्टी ने दुनिया के 16वें नंबर के कोकी वातानाबे को 21-10, 21-19 से हराने के साथ मुकाबला और भारत का पदक पक्का कर दिया।

महिला बैडमिंटन टीम क्वार्टर फाइनल में जापान से हारी

हालांकि महिला बैडमिंटन टीम क्वार्टर फाइनल में जापान के खिलाफ 1-3 से हार के साथ ही पदक दौड़ से बाहर हो गई। विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली त्रीसा जॉली व गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन एकल शटलरों – पीवी सिंधु  उन्नति हुड्डा के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण टीम को मायूस होना पड़ा।

शुरुआती दोनों एकल में सिंधु व उन्नति परास्त

दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने विश्व में तीसरे नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची के सामने कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन उन्हें 23-21, 18-21, 6-21 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्नति हुड्डा 2022 की विश्व जूनियर चैंपियन और विश्व में सातवें नंबर की खिलाड़ी टोमोका मियाजाकी के हाथों 16-21, 18-21 से हार गईं।

त्रीसा व गायत्री ने जगाई उम्मीद, लेकिन तन्वी भी हार गईं

हालांकि बीते दिन नई दिल्ली विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली त्रीसा व गायत्री ने पहले युगल मैच में युकी फुकुशिमा व मायु मात्सुमोतो को 21-17, 21-16 से हराकर भारत की उम्मीदें जीवंत रखीं। लेकिन युवा शटलर तन्वी शर्मा की तीसरे एकल रबर में पूर्व विश्व चैम्पियन नोजोमी ओकुहारा के हाथों 12-21, 10-21 से हार के साथ जापान ने 3-1 की जीत से सेमीफाइनल में जगह बना ली।

वुशु में रोशिबिना देवी ने पक्का किया पदक

वुशु में रोशिबिना देवी नाओरेम ने महिला 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए एक पदक पक्का कर लिया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में मकाऊ की चू मैन सिन को हराया। इससे पहले इस प्रतियोगिता के पिछले दो चरण में रजत और कांस्य पदक जीत चुकीं रोशिबिना को ‘आइची प्रीफेक्चुरल मार्शल आर्ट्स हॉल’ में मकाऊ की अपनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अंकों के अंतर के आधार पर विजेता घोषित किया गया।

मुक्केबाजी में साक्षी चौधरी व जादुमणि का अभियान जारी

उधर मुक्केबाजी में भारतीय खिलाड़ियों का अजेय सफर जारी है। साक्षी चौधरी ने महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में पेरिस ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता फिलीपींस की ऐरा विलेगास को 5-0 से हराकर बड़ा उलटफेर करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि पुरुष वर्ग में जादुमणि सिंह (55 किलोग्राम) भी नेपाल के चंद्रा बहादुर थापा पर 5-0 की जीत के साथ आगे बढ़ने में सफल रहे।

जिम्नास्ट प्रणति नायक ने फाइनल की अर्हता पाई

एशियाई खेलों में भाग ले रही भारत की एकमात्र जिम्नास्ट प्रणति नायक ने कलात्मक जिम्नास्टिक स्पर्धा में सातवां स्थान हासिल करके वॉल्ट फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। एशियाई जिमनास्टिक्स चैम्पियनशिप में तीन बार कांस्य पदक जीतने वाली प्रणति 19 जिम्नास्टों में सातवें स्थान पर रहीं। फाइनल 24 सितंबर को होगा।

महिला टेटे टीम अंतिम 8 में, पुरुष टीम बाहर

टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने थाईलैंड को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की, लेकिन भारतीय पुरुष टीम दक्षिण कोरिया से 0-3 से हारकर बाहर हो गई। यह ग्रुप चरण में ईरान के खिलाफ हार के बाद टीम की दूसरी शिकस्त थी।

तीसरे दिन निशानेबाजी में हाथ खाली रहे

निशानेबाजी में पहले दो दिनों में चार रजत व एक कांस्य सहित पांच पदक जीतने वाले भारत का अभियान मंगलवार को थोड़ा फीका पड़ा, जब इलावेनिल वलारिवान और किशोर निशानेबाज पार्थ माने अच्छी शुरुआत को पदक में नहीं बदल सके और 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में चौथे और अंतिम स्थान पर रहे।

यह निराशा इसलिए भी अधिक रही क्योंकि इलावेनिल और पार्थ ने 634.6 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था और स्वर्ण पदक की चुनौती पेश करने के लिए मजबूत स्थिति में दिख रहे थे। भारतीय जोड़ी अपनी क्वालीफिकेशन वाली लय फाइनल में बरकरार नहीं रख सकी और 18वें शॉट के बाद पदक की दौड़ से बाहर हो गई।

स्कीट निशानेबाजी में अनंतजीत दौड़ में कायम

स्कीट निशानेबाजी में हालांकि अनंतजीत सिंह नारूका ने 100 में से 96 निशानों के साथ एशियाई खेलों के फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने हुए हैं। ओलम्पियन और विश्व कप फाइनल के कांस्य पदक विजेता नारूका 25-25 निशानों के चार दौर के बाद चार खिलाड़ियों के साथ तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं।

टीम पदक की उम्मीदों को झटका

क्वालीफिकेशन में बुधवार को होने वाला 25 निशानों के एक और दौर बचा हुआ है और नारूका आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाने और पदक के लिए चुनौती पेश करने की मजबूत स्थिति में हैं। लेकिन अनुभवी मेराज अहमद खान और भवतेग सिंह गिल फाइनल में जगह बनाने की दौड़ से लगभग बाहर हो गये है। भारत को टीम पदक की उम्मीदों को भी करारा झटका लगा है। भारतीय तिकड़ी 273 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान है।

महिला स्कीट में भी उम्मीदें बरकरार

महिलाओं की स्कीट स्पर्धा में राइजा ढिल्लों चार दौर के बाद 92 (25, 21, 22, 24) के स्कोर के साथ पांचवें स्थान और परिनाज धालीवाल 89 (23, 21, 21, 24) के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से नौवें स्थान के साथ फाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं। ओलम्पियन माहेश्वरी चौहान 85 के स्कोर के साथ व्यक्तिगत स्पर्धा से लगभग बाहर हो चुकी हैं। भारतीय महिला टीम 266 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बनी हुई है। हालांकि टीम हालांकि चीन (287) और कजाखस्तान (274) से काफी पीछे हैं।

तलवारबाजी, कराटे व तैराकी में फीका प्रदर्शन

तलवारबाजी और कराटे में जश्न मनाने लायक कुछ खास नहीं रहा। कराटे में चेतन भट्ट 84 किलोग्राम वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में हार गए। तैराकों का प्रदर्शन भी फीका रहा क्योंकि पुरुषों की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम अंतिम स्थान पर रही।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular