विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र में थमी लगातार 7 दिनों की तेजी, शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद

मुंबई, आठ नवम्बर। दीपावली के विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र के दौरान घरेलू शेयर बाजार में पिछले सात दिनों से चली आ रही तेजी अंततः खत्म हुई। हालांकि हिन्दू पंचांग वर्ष संवत 2083 की शुभारंभ के अवसर पर रविवार के अवकाश के बावजूद आयोजित विशेष कारोबारी सत्र में मजबूत शुरुआत हुई थी, लेकिन निवेशकों की मुनाफावसूली से दोनों मानक सूचकांक मामूली गिरावट लेकर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 29 अंकों की कमजोरी से जहां 81,000 के स्तर से नीचे चला आया वहीं एनएसई निफ्टी 44 अंकों की गिरावट के बीच 25,000 के ऊपर नहीं रुक सका।

सेंसेक्स 28.62 अंकों की गिरावट से 80,999.40 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स अपनी शुरुआती तेजी कायम नहीं रख सका और 28.62 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,999.40 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक एक समय 414.09 अंक या 0.51 प्रतिशत उछलकर दिन के उच्चतम 81,442.11 अंक उच्चतम स्तर तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 14 के शेयर लाभ में रहे तो 14 को नुकसान देखना पड़ा।

निफ्टी 43.95 अंक फिसलकर 24,986.40 पर बंद

उसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी सकारात्मक शुरुआत के बाद अंत में 43.95 अंक यानी 0.18 प्रतिशत फिसलकर 24,986.40 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 17 के स्टॉक लाभ में रहे तो 32 में गिरावट दर्ज की गई।

महिंद्रा एंड महिंद्रा में सबसे ज्यादा 0.92 फीसदी की गिरावट

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा में सबसे ज्यादा 0.92 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, इन्फोसिस, भारती एयरटेल और एक्सिस बैंक में भी उल्लेखनीय गिरावट हुई। दूसरी तरफ सन फार्मा, टाटा स्टील, मारुति और पावर ग्रिड के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।

उल्लेखनीय है कि मुहूर्त कारोबार दिवाली के अवसर पर आयोजित होने वाला एक प्रतीकात्मक बाजार सत्र है, जो नए हिन्दू पंचांग वर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक है। ऐसा माना जाता है कि ‘मुहूर्त’ या शुभ घड़ी के दौरान कारोबार करने से हितधारकों के लिए समृद्धि और वित्तीय प्रगति आती है।

नियमित कारोबारी दिनों के, जब शेयर बाजार पूर्वाह्न 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुलते हैं, विपरीत मुहूर्त कारोबार एक छोटी अवधि के लिए संचालित होता है। इस बार एक घंटे का विशेष मुहूर्त सत्र अपराह्न 2:30 से 3:30 के बीच रहा।

पिछले संवत वर्ष 2082 में सेंसेक्स 3,398.32 अंक या चार प्रतिशत टूटा था जबकि निफ्टी में 838.25 अंक या 3.24 प्रतिशत की गिरावट आई थी। उसके मुकाबले इस बार मामूली गिरावट दर्ज की गई।

पिछले लगातार 7 कारोबारी सत्रों में दिखा था जबर्दस्त दीपावली धमाका

दिलचस्प तथ्य यह है कि दीपावली से पहले पिछले लगातार सात कारोबारी सत्रों में जबर्दस्त धमाका देखने को मिला। उस दौरान सेंसेक्स 7,781.99 अंक यानी 10.62 प्रतिशत चढ़ा जबकि निफ्टी में 2,331.5 अंक यानी 10.27 प्रतिशत की तेजी आई। पिछले कारोबारी सप्ताह की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स ने 6,568.49 अंक यानी 8.82 प्रतिशत की जोरदार बढ़त दर्ज की जबकि एनएसई निफ्टी ने कुल 1,977.25 अंक यानी 8.57 प्रतिशत की छलांग लगाई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular