चित्तौड़गढ़, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान अधूरा वंदे मातरम् गाए जाने को लेकर राजनीतिक माहौल गर्मा उठा है। कांग्रेस ने भले ही सफाई दे दी है कि वंदे मातरम् के सभी छह छंद गाए जाने के दौरान कोई असहजता नहीं दिखी, लेकिन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस प्रकरण को लेकर हमलावर हो उठी है।
इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, ‘सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष से राष्ट्रगीत रोकने को कहा। सोनिया गांधी का ये पाप देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के गायन को बीच में रोकने का कहकर सोनिया गांधी ने वंदे मातरम् का अपमान करने का जो पाप किया है, उसके लिए जनता उन्हें कभी माफ़ नहीं करेगी। pic.twitter.com/Fdpm7x3YNH
— Amit Shah (@AmitShah) August 16, 2026
अमित शाह ने कहा, ’80 साल के बाद बंकिम बाबू का ये अमर गान जब फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है, वो भी सोनिया गांधी को रास नहीं आता है। सोनिया जी, 140 करोड़ की जनता आपको देख रही है। आपके द्वारा किया गया ये पाप, इस देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।’
कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए
शाह ने कहा कि कोई सपने में भी कैसे सोच सकता है कि वंदे मातरम् को अधूरा छोड़ दिया जाए। कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए। उनमें जरा भी शर्म बची है तो दोनों हाथ जोड़कर बंकिम बाबू की अमर आत्मा से और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। शाह ने कहा कि वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम् को भुला दिया था। लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे मातरम् को फिर से एक नया आयुष्य देने का काम किया है।
श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण और अंत्योदय के लिए समर्पित कर दिया। आज राजस्थान के निम्बाहेड़ा में अटल जी की पुण्यतिथि पर उनकी 21 फीट ऊँची भव्य प्रतिमा का अनावरण किया।
अटल जी ने सुशासन, विकास और राष्ट्रप्रथम की राजनीति की जो नींव रखी, उनकी यह… pic.twitter.com/L3bDeQLk1R
— Amit Shah (@AmitShah) August 16, 2026
अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण
अमित शाह ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ यहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए भजनलाल शर्मा ने कहा, ‘वे (अटल बिहारी वाजपेयी) तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। उनके कुशल नेतृत्व में पोखरण में परमाणु परीक्षण 1999 में हुआ और उसी वर्ष हमने कारगिल का युद्ध जीता था। इसी काम को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित किया।’
कर्नाटक में भाजपा ने सोनिया गांधी के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
इस बीच कर्नाटक के मंगलुरु में भाजपा नेता विकास पुत्तूर ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ उरवा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि सोनिया गांधी ने ‘वंदे मातरम्’ को बीच में ही रोकने के लिए कहा था। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे पुत्तूर ने तुरंत FIR दर्ज करने और कानूनी काररवाई की मांग की।
बंकिम चंद्र चटर्जी के वंशज की सोनिया गांधी से माफी मांगने की अपील
उधर पश्चिम बंगाल से भाजपा विधायक और बंकिम चंद्र चटोपाध्याय के वंशज सुमित्रो चटर्जी ने सोनिया गांधी को 14 पृष्ठों की चिट्ठी लिखकर वंदे मातरम् का अपमान करने के लिए माफी मांगने की अपील की है। नहाटी विधानसभा से विधायक सुमित्रो चटर्जी ने कांग्रेस नेता से अपील की है कि वह इस गलती के लिए बिना शर्त माफी मांग लें।
सोनिया गांधी को लिखे पत्र में चटर्जी ने कहा कि 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में हुई वह घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी। वहां पर उस ऐतिहासिक गलती को दोहराया भी गया। यह निंदनीय है। चटर्जी ने कहा कि वह एक आम नागरिक और देशभक्त बंकिम चंद्र चटर्जी के वंशज के तौर पर माफी की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘इस घटना से उनके अंदर एक गहरा दुख और खालीपन आया है।’

