उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार ने गंवाई शुरुआती तेजी, दोनों मानक सूचकांक सपाट बंद
मुंबई, 16 जुलाई। होर्मुज जलडमरूमध्य पर आधिपत्य को लेकर ईरान व अमेरिका के बीच एक बार फिर जारी संघर्ष के चलते भू-राजनीतिक तनाव के बीच गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार ने अपनी शुरुआती तेजी गंवा दी और एचडीएफसी बैंक एवं रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे प्रमुख शेयरों में मुनाफावसूली के चलते दोनों मानक सूचकांक लगभग सपाट बंद हुए।
आईटी शेयरों ने बाजार को कुछ हद तक समर्थन दिया
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और एशियाई बाजारों में कमजोरी का भी घरेलू शेयर बाजार पर असर पड़ा। हालांकि आईटी शेयरों में खरीदारी ने बाजार को कुछ हद तक समर्थन दिया।
सेंसेक्स 1.44 अंक की मामूली बढ़त से 77,186.87 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1.44 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,186.87 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 394.26 अंक चढ़कर 77,579.69 अंक तक जा पहुंचा था, लेकिन सत्र के अंत में इसने अपनी पूरी बढ़त गंवा दी। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 15 के शेयर चढ़े तो 15 में ही कमजोरी दिखी।
निफ्टी 5.75 अंक गिरकर 24,072.75 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 5.75 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,072.75 अंक पर बंद हुआ। पिछली शाम के मुकाबे 64 अंक चढ़कर खुला सूचकांक एक समय 108 अंकों की मजबूती से 24,186.50 तक गया था। लेकिन उसके बाद मुनाफावसूली से सारी बढ़त खत्म हो गई। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 23 के शेयर लाभ में रहे तो 27 में गिरावट दर्ज की गई।
इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सर्वाधिक 1.84 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सर्वाधिक 1.84 फीसदी चढ़े। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टेक महिंद्रा भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। इसके विपरीत इटर्नल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में गिरावट रही।
एफआईआई ने 735.83 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 735.83 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.39 प्रतिशत गिरकर 84.62 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
