सुपर टाइफून ‘बावी’ का कहर: फिलीपींस में 15 की मौत, ताइवान-चीन-जापान में हाई अलर्ट
मनीला/ताइपे, 11 जुलाई। दक्षिणी फिलीपींस में आए शक्तिशाली सुपर टाइफून ‘बावी’ (Bavi) ने व्यापक तबाही मचाई है। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, राहत एवं बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह चक्रवाती तूफान करीब 1,000 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसका आकार लगभग फ्रांस के बराबर माना जा रहा है।
फिलहाल यह प्रशांत महासागर से आगे बढ़ते हुए ताइवान की ओर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे पूरे पूर्वी एशिया में चिंता बढ़ गई है। तूफान के प्रभाव से फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई इलाकों में भूस्खलन हुआ, जिसमें कई घर मलबे में दब गए। आपदा प्रबंधन एजेंसियां और रेस्क्यू टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
ताइवान, चीन और जापान में अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तूफान के प्रभाव से ताइवान के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों तथा जापान के दूरदराज़ द्वीपों में अत्यधिक भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, अनुमान है कि यह सुपर टाइफून शनिवार को दक्षिण-पूर्वी चीन के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। इसे देखते हुए चीन के तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उड़ानें रद्द, स्कूल बंद
संभावित खतरे को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर स्कूलों में कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। वहीं, लोगों ने जरूरी सामानों की खरीदारी शुरू कर दी है, जिससे कई सुपरमार्केट की शेल्फ खाली हो गई हैं।स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से घरों में सुरक्षित रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और केवल आधिकारिक मौसम एवं आपदा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
