1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. देशभर में मानसून का कहर : गुजरात से यूपी तक तबाही, बारिश-बाढ़ और वज्रपात से कई मौतें, कई राज्यों में अलर्ट
देशभर में मानसून का कहर : गुजरात से यूपी तक तबाही, बारिश-बाढ़ और वज्रपात से कई मौतें, कई राज्यों में अलर्ट

देशभर में मानसून का कहर : गुजरात से यूपी तक तबाही, बारिश-बाढ़ और वज्रपात से कई मौतें, कई राज्यों में अलर्ट

0
Social Share

नई दिल्ली 9 जुलाई। देश के करीब 97 फीसदी हिस्से में मानसून सक्रिय हो चुका है और इसके साथ ही कई राज्यों में भारी तबाही का दौर शुरू हो गया है। गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में लगातार बारिश, बाढ़, वज्रपात, भूस्खलन और इमारत ढहने जैसी घटनाओं में कई लोगों की जान चली गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में यलो, ऑरेंज और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सबसे गंभीर स्थिति गुजरात के सूरत में है, जहां पिछले तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात हैं। बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। रोहिणी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन इमारत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उधर, हरियाणा में लगातार दूसरे दिन बारिश जारी है और मौसम विभाग ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत तथा सोनीपत समेत छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश में 71 शहरों में बारिश दर्ज की गई। प्रयागराज में खेत में काम करते समय करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आगरा में दो मंजिला दुकान और मथुरा में जर्जर मकान की दीवार गिर गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 43 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

बिहार में भी मौसम विभाग ने 30 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गोपालगंज में वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग झुलस गए।

महाराष्ट्र के पुणे में भारी बारिश के बीच कचरे का विशाल ढेर निर्माणाधीन इमारत पर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। कई लोग मलबे में दब गए, जिनमें से कई को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहीं, खंडाला में भूस्खलन की घटना में एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। मुंबई में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कमजोर और खतरनाक पेड़ों की पहचान कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मध्य प्रदेश के 27 से अधिक जिलों में बारिश जारी है। खरगोन जिले में रूपारेल नदी के तेज बहाव में बहने से एक युवक की मौत हो गई। राजस्थान के अलवर में मूसलाधार बारिश के बाद बाजार, जिला अस्पताल और सरकारी स्कूल परिसर तक पानी भर गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code