मुंबई, 24 अक्टूबर। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। जांच में एक अहम पहलू सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले शूटर्स कथित तौर पर अपने हैंडलर के लगातार संपर्क में थे। फोन कॉल और मैसेज के जरिए उन्हें पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी जानकारियां दी जा रही थीं। पुलिस को संदेह है कि कोई व्यक्ति टीवी न्यूज चैनलों पर नजर रखकर शूटर्स तक अपडेट पहुंचा रहा था, ताकि वे गिरफ्तारी से बच सकें।
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, जब फायरिंग की घटना के वीडियो और व्लॉगर्स के फुटेज में आरोपियों के चेहरे सामने आने लगे, तो शूटर्स को वहां से निकलने के निर्देश दिए गए। बताया जा रहा है कि रेहान अंसारी को भी मैसेज भेजकर जगह छोड़ने के लिए कहा गया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शूटर्स तक पुलिस की गतिविधियों और उनकी पहचान से जुड़ी जानकारी कौन पहुंचा रहा था।
अमेरिका में बैठे अनिल पंडित समेत कई लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस को संदेह है कि रेहान को कम्युनिकेशन ऐप के जरिए निर्देश देने वालों में अमेरिका में मौजूद अनिल पंडित या हाल ही में सोनीपत से गिरफ्तार किए गए अंकित खटक और समीर खत्री की भूमिका हो सकती है। हालांकि, शूटर्स तक टीवी न्यूज से जुड़ी जानकारी पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है। इन लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से कुछ वीडियो, तस्वीरें और बातचीत से संबंधित जानकारी मिली है। जांच में यह भी सामने आया है कि पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद आरोपी अपने सफर के साधन बदल रहे थे, ताकि जांच एजेंसियों की पकड़ से बच सकें।
बाइक से फरार हुए, फिर ट्रेन और कैब से किया सफर
जांच के अनुसार, 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए थे। इसके बाद उन्होंने ट्रेन और कैब के जरिए अलग-अलग जगहों तक पहुंचने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने सामान्य मोबाइल नेटवर्क के बजाय इंटरनेट आधारित कॉलिंग का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी बातचीत का पता लगाना मुश्किल हो गया। हालांकि, कैब ड्राइवर के साथ हुई एक सामान्य फोन कॉल पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई। इसी कॉल से आरोपियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद मुंबई पुलिस की सूचना पर राजस्थान के कोटा में तीनों आरोपियों को ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फायरिंग करने के आरोप में गिरफ्तार फूल सिंह (18), रेहान रहीसुद्दीन अंसारी (18) और ऋतिक महतो (22) को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में रखा गया है।
फायरिंग के बाद सदमे में थे टाइगर श्रॉफ
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस ने टाइगर श्रॉफ से संपर्क किया था। उस दौरान अभिनेता ने कथित तौर पर घटना को लेकर हैरानी और चिंता जाहिर की थी। पुलिस के अनुसार, टाइगर श्रॉफ ने कहा, “फायरिंग की घटना को लेकर मैं बहुत ही ज्यादा शॉक में हूं। मैंने कभी सोचा तक नहीं था कि मेरी गाड़ी पर इस तरह से हमला होगा।” अभिनेता ने अपनी किसी से दुश्मनी होने की जानकारी से भी इनकार करते हुए कहा, “मेरी किसी से दुश्मनी तक नहीं, ये कौन लोग थे, क्यों फायरिंग की और किसने कराया, कुछ पता नहीं।”
जल्द दर्ज हो सकता है अभिनेता का बयान
क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी के मुताबिक, फायरिंग की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ काफी परेशान और सदमे में थे। इसी वजह से अब तक उनका विस्तृत बयान दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस जल्द ही उनका बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। फिलहाल, मुंबई पुलिस इस मामले में शूटर्स, उनके कथित हैंडलर्स और उन्हें जानकारी पहुंचाने वाले संभावित सहयोगियों के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि फायरिंग की साजिश किसने रची, आरोपियों को निर्देश कौन दे रहा था और पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी जानकारी उन तक कैसे पहुंच रही थी।


