पुणे बिल्डिंग हादसा : निर्माणाधीन इमारत ढही, रेस्क्यू में सेना उतरी; 12 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
पुणे, 9 जुलाई। महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) क्षेत्र में बुधवार को निर्माणाधीन इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। मोशी कचरा डिपो परिसर में हुए इस हादसे के बाद बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बचाव कार्य को तेज करने के लिए भारतीय सेना की दक्षिणी कमान की संयुक्त टास्क फोर्स भी मौके पर पहुंच गई है।
सेना की टीम में इंजीनियरिंग विशेषज्ञ, मेडिकल अधिकारी और राहत दल के सदस्य शामिल हैं। सेना के इंजीनियर और रिलीफ कॉलम राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), पुलिस, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय करीब 23 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी। अब तक 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इनमें पांच लोग स्वयं बाहर निकल आए, जबकि सात लोगों को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, एनडीआरएफ और अन्य आपदा राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। सेना के शामिल होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है।इस बीच, महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने राहत एवं पुनर्वास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीता वेद सिंघल, पिंपरी-चिंचवड़ नगर आयुक्त विजयकुमार सूर्यवंशी और पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे से बात कर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने और घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के अनुसार, 1 जून से अब तक बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 62 लोगों की जान जा चुकी है।
