मुंबई, 25 जून। चिप बनाने वाली अमेरिकी कम्पनी माइक्रोन के शानदार तिमाही नतीजे, पश्चिम एशिया में कम होते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट से भारतीय शेयर बाजार ने लगातार दूसरे दिन गुरुवार को शुरुआती कारोबार में काफी उत्साह दिखाया। लेकिन लंबे सप्ताहांत से पहले मुनाफावसूली के कारण यह मजबूती कायम नहीं रह सकी और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 107 अंक चढ़कर 77,000 के पार पहुंचा तो एनएसई निफ्टी में 34 अंकों की मजबूती रही।
विश्लेषकों के अनुसार वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ निवेशकों की धारणा मजबूत होने से वाहन, विमानन और बैंक शेयरों में लिवाली से शेयर बाजार ने अच्छी बढ़त हासिल कर ली थी। हालांकि, कारोबार के दूसरे सत्र में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और धातु शेयरों में मुनाफावसूली से कारण बढ़त सिमट गई।
सेंसेक्स 109.25 अंकों की बढ़त के साथ 77,100.47 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 109.25 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,100.47 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले लगभग 400 अंकों की बढ़त से खुला सूचकांक कारोबार के दौरान एक समय 811.96 अंक चढ़कर दिन के उच्चतम स्तर 77,803.18 अंक पर पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के शेयरों में गिरावट आई और 11 लाभ में रहे।
निफ्टी 34.35 अंक बढ़कर 24,056 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 34.35 अंक यानी 0.14 प्रतिशत बढ़कर 24,056 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ऊंचे में 24,261.60 अंक तक गया और नीचे में 24,039 अंक तक आया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 23 के शेयर लाभ में रहे तो 27 में कमजोरी दिखी।
हालांकि, व्यापक बाजारों में गिरावट देखी गई। मझोली कम्पनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.55 प्रतिशत टूटा और छोटी कम्पनियों का स्मॉलकैप सेलेक्ट 0.37 प्रतिशत नीचे आया।
इंटरग्लोब एविएशन में सबसे अधिक 4.73 प्रतिशत की तेजी
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंडिगो की मूल कम्पनी इंटरग्लोब एविएशन में सबसे अधिक 4.73 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, भारतीय स्टेट बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और हिन्दुस्तान यूनिलीवर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। वहीं नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस और भारती एयरटेल शामिल हैं।
एफआईआई ने 1,843.40 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,843.40 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.26 प्रतिशत टूटकर 72.81 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार में शुक्रवार को मुहर्रम की बंदी रहेगी
‘मुहर्रम’ के कारण शुक्रवार को शेयर बाजार, मुद्रा बाजार और जिंस बाजार बंद रहेंगे। इसके पूर्व बुधवार को सेंसेक्स 790.54 अंक चढ़कर 76,991.22 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 197.55 अंकों की तेजी के साथ 24,021.65 अंक पर रुका था।

