1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. केंद्र सरकार का स्पष्टीकरण : पेट्रोलियम कम्पनियों को प्रत्येक सिलेंडर पर 703 रुपये का हो रहा था नुकसान
केंद्र सरकार का स्पष्टीकरण : पेट्रोलियम कम्पनियों को प्रत्येक सिलेंडर पर 703 रुपये का हो रहा था नुकसान

केंद्र सरकार का स्पष्टीकरण : पेट्रोलियम कम्पनियों को प्रत्येक सिलेंडर पर 703 रुपये का हो रहा था नुकसान

0
Social Share

नई दिल्ली, 7 जून। केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (LPG) की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी के एक दिन बाद अपने इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में तेज उछाल के बावजूद भारत में परिवारों को रसोई गैस दुनिया के अन्य देशों की तुलना में सस्ती कीमत पर मिल रही है।

घरेलू LPG सिलेंडर आपूर्ति की वास्तविक लागत 1600 रुपये से अधिक

सरकार ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि ताजा बदलाव से पहले सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कम्पनियों को प्रत्येक सिलेंडर की बिक्री पर 703 रुपये का नुकसान हो रहा था। सरकार ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और होर्मुज स्ट्रेट में आपूर्ति बाधित होने के कारण एलपीजी का वैश्विक बेंचमार्क ‘सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस’ फरवरी के बाद लगभग 46 प्रतिशत बढ़ गया है। इसके चलते घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की वास्तविक लागत 1600 रुपये से अधिक हो चुकी है।

घरेलू LPG पर नुकसान पिछले वित्त वर्ष में बढ़कर लगभग 60,000 करोड़ रुपये

केंद्र का कहना है कि घरेलू उपभोक्ता केवल 942 का भुगतान कर रहे हैं जबकि शेष लागत का बड़ा हिस्सा सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम विपणन कम्पनियां और सरकार वहन कर रही हैं। सरकार के मुताबिक, घरेलू एलपीजी पर नुकसान पिछले वित्त वर्ष में बढ़कर लगभग 60,000 करोड़ रुपये हो गया, जो एक वर्ष पहले 41,338 करोड़ थी। इस नुकसान की आंशिक भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम कम्पनियों को 30,000 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति देने को मंजूरी दी है।

घरेलू उत्पादन में 60 प्रतिशत से अधिक वृद्धि

सरकार ने यह भी कहा कि संकट के दौरान देश में एलपीजी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए घरेलू उत्पादन में 60 प्रतिशत से अधिक वृद्धि की गई। अमेरिका, कनाडा और अल्जीरिया जैसे देशों से अतिरिक्त आयात की व्यवस्था की गई।

कई देशों की तुलना में भारत में घरेलू LPG की कीमतें अब भी कम

सरकार का दावा है कि भारत में घरेलू एलपीजी की कीमतें पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका समेत कई देशों और अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया व कनाडा जैसे विकसित देशों की तुलना में अब भी कम हैं। सरकार के अनुसार, कीमतों में यह बदलाव उपभोक्ताओं को वैश्विक कीमतों के पूरे असर से बचाने और देशभर में रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।

3 माह में 89 रुपये बढ़ चुकी है घरेलू LPG की कीमत

उल्लेखनीय है कि 29 रुपये की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 942 रुपये हो गई है, जो पहले 913 रुपये थी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों को वर्ष में चार बार 300 रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद सिलेंडर 642 रुपये में उपलब्ध होगा। हालांकि, पिछले वर्ष यह सब्सिडी वर्ष में नौ बार देने की घोषणा की गई थी। इससे पहले सात मार्च को घरेलू रसोई गैस के दाम 60 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाए गए थे। इस तरह से 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर के दाम तीन माह के भीतर कुल 89 रुपये बढ़ चुके हैं।

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code