यूपी होमगार्ड भर्ती का परिणाम घोषित : 41,424 पदों पर हुआ चयन, 25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा

लखनऊ, तीन अक्टूबर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार को होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। कुल 41,424 पदों के लिए 25 लाख 32 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षा के कड़े चरणों के बाद सफल अभ्यर्थियों की जिलावार मेरिट सूची घोषित कर दी गई है। योगी सरकार ने इसके साथ ही राज्य में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है।

25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन

भर्ती बोर्ड ने 18 नवम्बर 2025 को इस भर्ती का विज्ञापन जारी किया था, जिसके बाद प्रदेशभर से रिकॉर्ड आवेदन मिले थे। कुल 25,32,196 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरे थे। प्रक्रिया के पहले चरण में 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को प्रदेश के 74 जिलों में छह पालियों में लिखित परीक्षा कराई गई थी। सभी पालियों के प्रश्नपत्रों के स्तर को संतुलित करने के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया का इस्तेमाल किया गया था।

दस्तावेज जांच के बाद तैयार हुई अंतिम मेरिट सूची

बोर्ड ने 28 जून, 2026 को कटऑफ जारी कर 1,07,221 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण के लिए बुलाया था। यह प्रक्रिया 13 जुलाई से सात अगस्त, 2026 के बीच पूरी की गई। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 15 से 26 सितम्बर, 2026 के बीच कराई गई। दक्षता परीक्षा में खरे उतरने वाले उम्मीदवारों को ही अंतिम जिलावार मेरिट सूची में जगह दी गई है।

आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर देखे जा सकते हैं परिणाम

भर्ती बोर्ड के अनुसार आरक्षण नियमों और नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर पारदर्शी तरीके से मेरिट लिस्ट बनाई गई है। समान अंक होने पर अधिक उम्र वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी गई जबकि उम्र समान होने पर नाम के अंग्रेजी वर्णमाला क्रम को आधार बनाया गया। प्रदेश के सभी 75 जिलों के पदों पर योग्य जवानों का चयन कर लिया गया है। सफल अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड की वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular