1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. यूपी के ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा का निर्देश- बिजली विभाग के संविदाकर्मियों को नौकरी से न निकाला जाए
यूपी के ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा का निर्देश- बिजली विभाग के संविदाकर्मियों को नौकरी से न निकाला जाए

यूपी के ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा का निर्देश- बिजली विभाग के संविदाकर्मियों को नौकरी से न निकाला जाए

0
Social Share

लखनऊ, 2 जून। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन में मैनपावर की अत्यधिक कमी के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने निर्देश दिया है कि किसी भी कीमत पर संविदा कर्मियों को नौकरी से न निकाला जाए। मंगलवार को लखनऊ स्थित संगम सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने यह निर्देश दिया। उन्होंने प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, आंधी-तूफान के बाद उत्पन्न हुई विद्युत बाधाओं के निस्तारण और उपभोक्ता शिकायतों के समाधान की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

गौरतलब है कि पावर कॉरपोरेशन में विगत कुछ माह के दौरान हजारों की संख्या में आउटसोर्स कर्मियों की छंटनी के बाद अब कर्मचारियों की बड़ी कमी हो गई है। यही कारण है कि पहले जो ब्रेकडाउन एक घंटे में दुरुस्त हो जाती थी, उससे बहाल करने में अब तीन से चार घंटे लग रहे हैं। एक-एक कर्मचारी पर चार-चार कर्मचारी के बराबर काम का दबाव है। ऐसे में दुर्घटनाएं भी बढ़ रही हैं।

अरविंद शर्मा ने समीक्षा बैठक के दौरानि सभी प्रबंध निदेशकों (एमडी) से आंधी-तूफान के कारण उत्पन्न हुई समस्याओं, विद्युत अवसंरचना को हुए नुकसान और उनके निस्तारण की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही कहीं भी विद्युत बाधा उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान किया जाए।

सिद्धार्थनगर के अधिशासी अभियंता ज्ञान प्रकाश के खिलाफ होगी जांच

बैठक में जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सिद्धार्थनगर से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने अधिशासी अभियंता ज्ञान प्रकाश के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच कर आवश्यक काररवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की शिकायतों की बिल्कुल भी उपेक्षा न की जाए।

संविदाकर्मियों के हितों का भी ध्यान रखा जाए

संविदाकर्मियों से जुड़े विषय पर हुई चर्चा के दौरान मंत्री एके शर्मा ने संविदाकर्मियों को कार्य से हटाए जाने की शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी संविदाकर्मी को बिना उचित कारण नौकरी से न निकाला जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में संविदाकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

ऊर्जा मंत्री ने विधायक निधि से प्रस्तावित विद्युत विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इन परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि जनप्रतिनिधियों की अपेक्षाओं और जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी विकास कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। बैठक में यूपीपीसीएल के एमडी नीतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहे जबकि अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल और सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code