1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. सिंगापुर ओपन : सिंधु व लक्ष्य क्वार्टर फाइनल में, प्रणय तीन गेमों के संघर्ष में हारे
सिंगापुर ओपन : सिंधु व लक्ष्य क्वार्टर फाइनल में, प्रणय तीन गेमों के संघर्ष में हारे

सिंगापुर ओपन : सिंधु व लक्ष्य क्वार्टर फाइनल में, प्रणय तीन गेमों के संघर्ष में हारे

0
Social Share

सिंगापुर, 28 मई। दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधू और हाल ही में विश्व रैंकिंग के टॉप 10 में शामिल लक्ष्य सेन ने गुरुवार को यहां 10 लाख डॉलर ईनामी सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकल क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। लेकिन एक दिन पहले ही विश्व नंबर पांच जोनाथन क्रिस्टी को किनारे लगाने वाले अनुभवी एचएस प्रणय तीन गेमों के संघर्ष के बाद हार गए।

BWF विश्व रैंकिंग में 12वें क्रम पर काबिज व यहां 2022 में खिताब जीत चुकीं सिंधु ने सिंगापुर इनडोर स्टेडियम के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के पहले ही मैच में जापान की रिको गुंजी को 37 मिनट के भीतर 21-9, 21-12 से हरा दिया।

सिंधु के सामने अब टॉप सीड कोरियाई एन से यंग

पूर्व विश्व नंबर एक 30 वर्षीय सिंधु को अब शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरिया की एन से यंग की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। सिंधु इसके पूर्व कभी भी ओलम्पिक चैंपियन यंग को हरा नहीं सकी है और उनसे आठ बार पराजित हो चुकी हैं। उन्हें पिछली हार गत वर्ष चाइना ओपन में मिली थी।

लक्ष्य के सामने विश्व नंबर दो कुनलावुत पीठ में उभरी तकलीफ से हटे

उधर विश्व चैम्पियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता अमरोहावासी लक्ष्य को तनिक भी रियाज नहीं करना पड़ा क्योंकि उन्होंने पहले गेम में 2-0 की बढ़त ले रखी थी, तभी दूसरे वरीय थाईलैंड कुनलावुत विदितसार्न ने पीठ की समस्या के कारण रिटायर होने का फैसला किया। विश्व रैंकिंग में 10वें क्रम पर जा पहुंचे 24 वर्षीय लक्ष्य का अब जापान के कोकी वातानाबे से होगा।

पूर्व विश्व विजेता लोह कीन यू के हाथों प्रणय परास्त

लेकिन 33 वर्षीय प्रणय का अभियान खत्म हो गया, जब वह कोर्ट नंबर एक पर ही खेले गए दिन के 10वें मैच में 61 मिनट तक चले मैच में घरेलू दावेदार व पूर्व विश्व चैम्पियन लोह कीन यू के हाथों 18-21, 21-16, 15-21 से परास्त हो गए।

विश्व चैंम्पियनशिप 2023 और एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता प्रणय ने पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे में संघर्षपूर्ण वापसी की और मुकाबले को तीसरे गेम में पहुंचाया, लेकिन इस निर्णायक गेम लोह कीन यू ज्यादा ही तीखे साबित हुए और भारतीय शटलर की अनावश्यक गलतियों का फायदा उठाते हुए जीत हासिल कर ली।

सात्विक-चिराग का अभियान जारी

इस बीच पुरुष युगल में चौथी वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी ने एक घंटे तक खिंचे कड़े मुकाबले में चीनी ताइपे के ली झि हुइ व यांग पो सुआन को 21-15, 11-21, 21-18 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। विश्व नंबर चार भारतीय जोड़ी का अब मलेशिया के खाइ शिंग कांग और आरोन ताइ से से मुकाबला होगा।

ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो की मिश्रित जोड़ी भी अंतिम 8 में

वहीं मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो भी अंतिम आठ में पहुंच गए। उन्होंने कोर्ट नंबर दो पर खेले गए दिन के चौथे मैच में 58 मिनट की कशमकश के बाद जापान की युता वातानाबे व माया तागुची को 8-21, 21-17, 21-16 से मात दी। अब उनका सामना तीसरी सीड मलेशिया के चेन तांग जिये व तोह ई वेइ से होगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code