1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : रजत पाटीदार की तूफानी पारी के सामने GT पस्त, धमाकेदार जीत से RCB लगातार दूसरी बार फाइनल में
आईपीएल-19 : रजत पाटीदार की तूफानी पारी के सामने GT पस्त, धमाकेदार जीत से RCB लगातार दूसरी बार फाइनल में

आईपीएल-19 : रजत पाटीदार की तूफानी पारी के सामने GT पस्त, धमाकेदार जीत से RCB लगातार दूसरी बार फाइनल में

0
Social Share

धर्मशाला, 26 मई। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में मंगलवार की रात कप्तान रजत पाटीदार ने ऐसा तूफानी अर्धशतकीय प्रहार (नाबाद 93 रन, 33 गेंद, नौ छक्के, पांच चौके) किया कि गुजरात टाइटंस (GT) अंत तक उबर नहीं सका और गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पहले क्वालीफायर में 92 रनों की धमाकेदार जीत से लगातार दूसरे वर्ष टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के फाइनल में जगह सुरक्षित कर ली।

गत चैम्पियनों ने IPL प्लेऑफ में खड़ा किया रिकॉर्ड स्कोर

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य आरसीबी ने पाटीदार की रिकॉर्डतोड़ पारी और विराट कोहली (43 रन, 25 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) व क्रुणाल पंड्या (43 रन, 28 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) संग उनकी दो बहुमूल्य साझेदारियों से पांच विकेट पर ही 254 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। यह IPL प्लेऑफ में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इस क्रम में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 2023 में GT द्वारा स्थापित 233 रनों का रिकॉर्ड पीछे छूट गया।

डफी एंड कम्पनी के सामने तेवतिया का पचासा अर्थहीन,  टाइटंस 162 पर सीमित

कठिन लक्ष्य का पीछा करने की नौबत आई तो जैकब डफी (3-39), भुवनेश्वर कुमार (2-28), रसिख सलाम (2-24), क्रुणाल पंड्या (2-16) व जोश हेजलवुड (1-39) हावी दिखे और राहुल तेवतिया के अर्धशतकीय प्रयास (68 रन, 43 गेंद, चार छक्के, आठ चौके) के बावजूद शुभमन गिल की टीम 19.3 ओवरों में 162 रनों पर ही बिखर गई।

टाइटंस को अब क्वालीफायर 2 का इंतजार

आरसीबी इस शानदार जीत से जहां उपाधि रक्षा की देहरी पर जा पहुंचा है वहीं जीटी को फाइनल में प्रवेश के लिए एक और मौका मिलेगा। दरअसल, बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) व राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेले जाने वाले एलिमिनेटर की विजेता टीम अब 29 मई को उसी मैदान पर क्वालीफायर 2 में टाइटंस के सामने होगी। उस मैच की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद में आरसीबी को खिताबी चुनौती देगी।

बतौर कप्तान पाटीदार ने तोड़ा छक्कों का पिछला रिकॉर्ड

कुल मिलाकर देखें तो क्वालीफायर 1 के मुख्य आकर्षण रजत पाटीदार ही रहे, जिन्होंने अपनी जबर्दस्त बल्लेबाजी से पहली पारी में ही मुकाबले का रुख तय कर दिया था। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रजत ने नौ ताबड़तोड़ छक्कों की मदद से मौजूदा सत्र में उनकी संख्या 41 तक पहुंचा दी और बतौर कप्तान आईपीएल में सर्वाधिक छक्का जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। इस क्रम में उन्होंने श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने पिछले सत्र में पंजाब किंग्स की कप्तानी के दौरान 39 छक्के जड़े थे।

90 या उससे ज्यादा रनों की पारी में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट

दरअसल, पाटीदार जब बल्लेबाजी करने आए, तब 8.2 ओवरों में टीम का स्कोर 2-93 रन था। इसके बाद एक तरफ पाटीदार ने 33 गेंदों पर 93 रन बनाए तो वहीं दूसरी तरफ (एक्स्ट्रा रनों को मिलाकर) बाकी बल्लेबाजों ने मिलकर 37 गेंदों पर 68 रन बनाए। बात यहीं तक सीमित नहीं थी वरन इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 281.81 रहा, जो IPL के इतिहास में 90 से ज्यादा रनों की किसी भी पारी का अब तक का सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट है। इस क्रम में उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के 37 गेंदों पर बनाए गए 103 रनों की पारी के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

कोहली व पडिक्कल के बीच 38 गेंदों पर 72 रनों की भागीदारी

आरसीबी की पारी देखें तो वेंकटेश अय्यर (19 रन ,सात गेंद, एक छक्का, तीन चौके) भले ही दूसरो ओवर में कगिसो रबाडा (2-54) के शिकार हो गए। लेकिन कोहली ने देवदत्त पडिक्कल (30 रन, 19 गेंद, पांच चौके) संग दूसरे विकेट के लिए 38 गेदों पर 72 रन ठोक दिए।

विराट ने बनाया अनूठा रिकॉर्ड, 8 टीमों के खिलाफ 500+ रन

देखा जाए तो विराट ने भी अपनी पारी के दौरान अनूठा रिकॉर्ड बना डाला। आईपीएल के पहले सीजन से ही इसमें हिस्सा ले रहे कोहली ने आज टाइटंस के खिलाफ भी अपने 500 रन पूरे किए और इसके साथ ही वह आईपीएल में आठ टीमों के खिलाफ पांच सौ से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। वह पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ भी 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं।

लगातार चौथे सत्र में 600+ रन बनाने वाले आईपीएल के पहले बल्लेबाज

इतना ही नहीं वरन कोहली इस IPL सीजन में 600 रनों के आंकड़े तक भी पहुंच गए। वह इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने लगातार चार IPL सीजन में 600 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। इसी क्रम में कोहली ने वर्ष 2016 में 973 रन बनाए थे, जो IPL के किसी एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं।

पाटीदार व पंड्या ने 47 गेंदों पर उड़ा दिए 95 रन

खैर, नौवें ओवर में जेसन होल्डर (2-39) ने कोहली को बोल्ड मारा तो पडिक्कल भी उसी ओवर में चलते बने। लेकिन इसके बाद पाटीदार का रंग देखने को मिला। मध्य प्रदेश के इस 32 वर्षीय बल्लेबाज ने मौजूदा सत्र में लगातार दूसरा व कुल पांचवें अर्धशतक के बीच पंड्या संग 47 गेंदों पर ही 95 रन उड़ा दिए। रबाडा ने पंड्या के रूप में दूसरा शिकार किया तो रजत ने टिम डेविड (चार रन) व जितेश शर्मा (नाबाद 15 रन, पांच गेंद, एक छक्का, एक चौका) की मौजूदगी में टीम को प्लेऑफ का रिकॉर्ड स्कोर प्रदान कर दिया।

स्कोर कार्ड

पहाड़ सरीखे लक्ष्य के सामने गुजरात की शुरुआत ही लड़खड़ा गया, जब तेज शुरुआत करने वाले साई सुदर्शन (14 रन, नौ गेंद, तीन चौके) तीसरे ही ओवर में डफी के खिलाफ अटपटे ढंग से हिट विकेट हो गए। दरअसल, तेज शाट से गेंद तो बाउंड्री की ओर उड़ गई, लेकिन हाथ से छूटा बल्ला सीधे स्टम्प से जा टकराया।

88 रनों के भीतर गुजरात के 8 बल्लेबाज लौट चुके थे

उधर कप्तान शुभमन गिल (दो रन) व जोस बटलर (29 रन, 11 गेंद, दो छक्के, चार चौके) भी लगातार ओवरों में क्रमशः भुवी व हेजलवुड के निशाने पर आ गए। वहीं रसिख सलाम ने छठे ओवर में दो विकेट चटका दिए। विकेटों की इस कदर लाइन लगी कि 12वें ओवर में 88 पर आठ बल्लेबाज लौट चुके थे।

तेवतिया ने सिराज संग 68 रनों की भागीदारी से कम किया हार का अंतर

खैर, सातवें क्रम पर उतरे तेवतिया ने सत्र के इकलौतै व आईपीएल करिअर के दूसरे अर्धशतक से टीम की पराजय का अंतर तनिक कम किया। इस दौरान नौवें बल्लेबाज के रूप में भुवी की गेंद पर आउट होने से पहले उन्होंने मो. सिराज (पांच रन, एक चौका) को एक छोर पर खड़ा रखते हुए 68 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी भी की।

बुधवार का मैच : एलिमिनेटर – सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स (न्यू चंडीगढ़, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code