बैंकिंग सेक्टर में लिवाली से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 232 अंक चढ़ा, निफ्टी 65 अंक मजबूत
मुंबई, 22 मई। बैंकिंग सेक्टर में लिवाली व वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के सहारे कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी लौटी और दोनों मानक सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स ने जहां 232 अंकों की मजबूती पकड़ी वहीं निफ्टी 65 अंकों के लाभ में रहा।
सेंसेक्स 0.31 प्रतिशत बढ़कर 75,415.35 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 231.99 अंक यानी 0.31 प्रतिशत बढ़कर 75,415.35 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स में एक समय 627.61 अंकों तक की तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 15 के शेयर बढ़त पर रहे तो 15 में ही नुकसान दिखा।
निफ्टी 0.27 प्रतिशत बढ़कर 23,719.30 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 64.60 अंक यानी 0.27 प्रतिशत बढ़कर 23,719.30 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 27 के स्टॉक लाभ में रहे तो 23 में गिरावट दर्ज की गई।
ट्रेंट लिमिटेड के शेयर सर्वाधिक 3.01 फीसदी लाभ में रहे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में ट्रेंट लिमिटेड के शेयर सर्वाधिक 3.01 फीसदी लाभ में रहे। एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर भी प्रमुख रूप से बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, सन फार्मा, आईटीसी लिमिटेड, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
एफआईआई ने 1,891.21 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने पिछले सत्र में 1,891.21 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.3 प्रतिशत बढ़कर 104.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
