PM Modi Varanasi Visit : काशी को गारमेंट फैक्ट्री की सौगात, अब आसमान में दिखेगा राफेल-तेजस का शौर्य

वाराणसी, 25 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच गए। भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में शामिल होने से पहले उन्होंने मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट निर्माण इकाई का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने परिधान निर्माण का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी करीब 300 महिलाओं से संवाद भी किया।

इस इकाई से क्षेत्र में औद्योगिक विकास और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री अब नमो घाट पर भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ हवाई प्रदर्शन में शामिल होंगे। गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के करतब इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगे।

अरविंद मिल के उद्घाटन से महिलाओं के रोजगार को मिलेगी गति

वाराणसी में स्थापित अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट निर्माण इकाई को कपड़ा और परिधान उद्योग के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। यहां आधुनिक तकनीक से परिधान तैयार किए जाएंगे। परियोजना का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना और वाराणसी को परिधान निर्माण के वैश्विक बाजार से जोड़ना है। प्रधानमंत्री ने इकाई के उद्घाटन के दौरान करीब 300 प्रशिक्षित महिलाओं से संवाद किया। इस पहल को महिला नेतृत्व वाले विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन से जोड़कर देखा जा रहा है।

नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का रोमांच

भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम के तहत तीन दिवसीय हवाई प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इसका समापन रविवार को नमो घाट पर होगा। इससे पहले 22 और 24 अक्टूबर को भी हवाई प्रदर्शन हुए, जबकि विधान परिषद चुनाव के कारण 23 अक्टूबर को कार्यक्रम नहीं हुआ था। एयर शो में तेजस, हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर एलसीएच प्रचंड, सुखोई-30 एमकेआई और राफेल जैसे विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इनके अलावा परिवहन विमान भी हिस्सा लेंगे। भारतीय नौसेना और थलसेना के विमान भी संयुक्त परिचालन क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के करतब भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होंगे। इस आयोजन के जरिए वायुसेना की तकनीकी दक्षता, सटीक उड़ान और सामरिक क्षमता प्रदर्शित की जाएगी।

पीएम मोदी के स्वागत के लिए काशी में विशेष इंतजाम

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर वाराणसी में स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं। पुलिस लाइन से नमो घाट तक जगह-जगह स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। ढोल-नगाड़ों, डमरू दल, शंखनाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच प्रधानमंत्री के स्वागत की योजना बनाई गई है। यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा के जरिए भी उनका अभिनंदन किया जाएगा। काशी में प्रधानमंत्री के दौरे और एयर शो को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। शहर को 32 जोन, 50 सेक्टर और 80 सब-सेक्टर में बांटकर निगरानी की व्यवस्था की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में करीब 11,900 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ प्रबंधन, वीआईपी मार्गों की सुरक्षा और लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

वाराणसी के बाद भुवनेश्वर जाएंगे प्रधानमंत्री

वाराणसी में कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा के भुवनेश्वर जाएंगे। वहां वह भारतीय रिजर्व बैंक के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा औद्योगिक विकास, महिला रोजगार, रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular