5 देशीय दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे पीएम मोदी, विदेश मंत्री तजानी ने किया स्वागत
रोम, 19 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में मंगलवार को इटली पहुंच गए। इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने स्थानीय समयानुसार शाम 7.30 बजे (भारतीय समयानुसार रात 11.30 बजे) फिमिसिनो एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरे में पीएम मोदी की इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात होगी।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू
पीएम मोदी के इस दौरे को देखते हुए इटली प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा योजना लागू की है। इटली की प्रमुख समाचार एजेंसी एडनक्रोनोस के मुताबिक, पुलिस ने ऐसा विशेष सुरक्षा सिस्टम तैयार किया है, जिसमें हर कार्यक्रम स्थल की भौगोलिक स्थिति और संवेदनशीलता को ध्यान में रखा गया है।
Landed in Rome, Italy. I will be meeting President Sergio Mattarella and Prime Minister Giorgia Meloni and holding discussions with them. This visit will focus on how to boost India-Italy cooperation, especially focusing on the India-Middle East-Europe Economic Corridor (IMEC).… pic.twitter.com/vJ42n7OZ6K
— Narendra Modi (@narendramodi) May 19, 2026
पीएम मोदी के ठहराव स्थल पर विशेष निगरानी
रोम एयरपोर्ट पर सुरक्षा पहले ही बढ़ा दी गई है। पीएम मोदी पियाजा डेला रिपब्लिका स्थित अनंतारा होटल में ठहरेंगे, जहां पूरे इलाके में लॉ एनफोर्समेंट एजेंसियां लगातार पेट्रोलिंग करेंगी। इसके अलावा विशेष जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।
इंटेलिजेंस एजेंसियां भी अलर्ट
इटली की इंटेलिजेंस एजेंसियां पहले से सक्रिय हैं। इतालवी स्पेशल ऑपरेशन यूनिट और पोस्टल पुलिस संभावित खतरों को रोकने और संदिग्ध सिग्नल इंटरसेप्ट करने के लिए लगातार निगरानी कर रही हैं।
मेलोनी और मैटारेला से मुलाकात
पीएम मोदी का पहला आधिकारिक कार्यक्रम इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से मुलाकात का होगा। इसके लिए वह क्विरिनाले पैलेस जाएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच विला पैम्फिली में शिखर बैठक होगी, जिसे बेहद संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी जोन माना जाता है।
कारोबारी नेताओं के साथ बैठक
दोनों नेता कई बड़े भारतीय और इतालवी औद्योगिक समूहों के प्रमुखों के साथ वर्किंग लंच में भी शामिल होंगे। इसके बाद पीएम मोदी इटली छोड़ने से पहले खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) का दौरा करेंगे। पीएम मोदी इससे पहले जून, 2024 में जी7 शिखर सम्मेलन के लिए इटली गए थे।
भारत-इटली संबंधों पर जोर
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा दोनों देशों के मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों की पृष्ठभूमि में हो रही है। दोनों देश संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 को सक्रिय रूप से लागू कर रहे हैं। इस रोडमैप में द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और जन-जन के बीच संबंधों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।
भारत-इटली व्यापार में मजबूत वृद्धि
मंत्रालय के अनुसार वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 16.77 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 के बीच इटली से भारत में 3.66 अरब अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दर्ज किया गया है।
