1. Home
  2. कारोबार
  3. शेयर बाजार में फिर बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1342 अंक लुढ़का, निफ्टी 23900 के नीचे
शेयर बाजार में फिर बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1342 अंक लुढ़का, निफ्टी 23900 के नीचे

शेयर बाजार में फिर बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1342 अंक लुढ़का, निफ्टी 23900 के नीचे

0
Social Share

मुंबई, 11 मार्च। एक दिन के अंतराल बाद घरेलू शेयर बाजार में फिर बड़ी गिरावट देखने को मिली और बुधवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 1,342 अंक का गोता लगाने के साथ जहां 77,000 के नीचे जा फिसला वहीं एनएसई निफ्टी 395 अंक टूटकर 23,900 के नीचे चला गया। कुल मिलाकर सेंसेक्स व निफ्टी 11 माह के निचले स्तर के पास बंद हुए।

सेंसेक्स व निफ्टी 11 माह के निचले स्तर के पास बंद

देखा जाए तो पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच कच्चे तेल के दाम में तेजी से शेयर बाजार में एक दिन की बढ़त के बाद यह गिरावट आई। कारोबारियों के अनुसार, इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी और प्रमुख बैंकों के शेयरों में बिकवाली दबाव से भी बाजार नुकसान में रहा।

सेंसेक्स 1.72 प्रतिशत लुढ़क कर 76,863.71 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,342.27 अंक यानी 1.72 प्रतिशत लुढ़क कर 76,863.71 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसमें 1,446.72 अंक तक की गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ दो के स्टॉक मजबूत रहे जबकि 28 में गिरावट देखने को मिली।

निफ्टी 394.75 अंक टूटकर 23,866.85 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 394.75 अंक यानी 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,866.85 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में नौ के शेयर सकारात्मक रहे और 41 में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि छोटे और मझोले शेयरों में गिरावट कुछ सीमित रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में लगभग 1.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 0.36 प्रतिशत तक फिसलकर बंद हुआ।

निवेशकों के 5.28 लाख करोड़ रुपये डूबे

बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 441.76 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 447.04 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस प्रकार BSE में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 5.28 लाख करोड़ रुपये घटा है। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.28 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

बजाज फाइनेंस के स्टॉक सबसे ज्यादा 5.01 फीसदी लुढ़के

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में बजाज फाइनेंस के स्टॉक सबसे ज्यादा 5.01 फीसदी लुढ़के। एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, ट्रेंट, भारती एयरटेल और कोटक महिंद्रा बैंक भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ सन फार्मा और एनटीपीसी के शेयरों में तेजी रही।

एफआईआई ने 4,672.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 4,672.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 6,333.26 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 5.76 प्रतिशत बढ़कर 92.86 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code