1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने महाराष्ट्र से विनोद तावड़े व रामदास अठावले सहित 4 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए
राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने महाराष्ट्र से विनोद तावड़े व रामदास अठावले सहित 4 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए

राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने महाराष्ट्र से विनोद तावड़े व रामदास अठावले सहित 4 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए

0
Social Share

नई दिल्ली, 4 मार्च। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए महाराष्ट्र में अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले समेत चार नेताओं के नाम शामिल हैं। तावड़े और रामदास अठावले के अलावा दो अन्य नेता माया चिंतामण ईवनाते और रामराव कुडकुते हैं।

नितिन नबीन सहित नौ उम्मीदवारों की सूची मंगलवार को जारी हुई थी

इससे पहले भाजपा ने मंगलवार को अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहित नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। पार्टी ने बिहार से नितिन नबीन व शिवेश कुमार, असम से तेरश गोवाला व जोगेन मोहन, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल व सुजीत कुमार और पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा के नामों की घोषणा की थी।

राज्यसभा की 37 सीटों के लिए 16 मार्च को होना है चुनाव

उल्लेखनीय है कि 18 फरवरी को भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने 10 राज्यों से रिक्त होने वालीं 37 सीटों को भरने के लिए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों का कार्यक्रम घोषित किया था। आयोग के अनुसार 16 मार्च को पूर्वाह्न 9.00 बजे से अपराह्न 4.00 बजे तक मतदान होगा और मतगणना उसी दिन शाम 5.00 बजे होगी। 10 राज्यों से निर्वाचित राज्य परिषद के 37 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल, 2026 में समाप्त होने वाला है।

आगामी रिक्तियों को देखते हुए, आयोग ने चुनावी प्रक्रिया के लिए एक विस्तृत समय सारणी तैयार की है। चुनाव की अधिसूचना 26 फरवरी को जारी की गई। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पांच मार्च निर्धारित की गई है जबकि नामांकन पत्रों की जांच छह मार्च को की जाएगी। उम्मीदवारों के पास नौ मार्च तक अपना नामांकन वापस लेने का विकल्प होगा।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतपत्रों पर वरीयताएं अंकित करने के लिए केवल पूर्व-निर्धारित विशिष्टताओं वाले एकीकृत बैंगनी रंग के पेन ही मान्य होंगे, जो रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस उद्देश्य के लिए किसी अन्य लेखन उपकरण की अनुमति नहीं होगी। चुनावों का संचालन पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों को तैनात किया जाएगा।

जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, वे महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code