घरेलू शेयर बाजार में गिरावट जारी, सेंसेक्स 493 अंक टूटा, निफ्टी 24200 से नीचे फिसला

मुंबई, 18 अगस्त। पश्चिम एशिया संकट के कूटनीतिक समाधान को लेकर क्षीण होतीं उम्मीदों के बीच कच्चे तेल के दाम में तेजी के चलते निवेशकों की कमजोर धारणा का असर घरेलू शेयर बाजार पर प्रत्यक्ष दिखाई पड़ रहा है। इस क्रम में मंगलवार को भी दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। बीएसई सेंसेक्स जहां 493 अंक टूटा वहीं निफ्टी में लगातार छठे दिन गिरावट दिखी और यह 133 अंकों की कमजोरी से 24,200 के नीचे जा फिसला।

सेंसेक्स 492.70 अंक टूटकर 77,235.46 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 492.70 अंक यानी 0.63 प्रतिशत टूटकर 77,235.46 अंक पर बंद हुआ। यह लगातार तीसरा दिन है, जब सेंसेक्स में गिरावट आई है। सूचकांक में अंतिम आधे घंटे के अंदर 235 अंकों की गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ आठ के शेयर हरे निशान पर रुके जबकि 22 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 132.75 अंक फिसलकर 24,154.90 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक एनएसई निफ्टी में लगातार छठे कारोबारी सत्र में गिरावट आई और यह 132.75 अंक यानी 0.55 प्रतिशत फिसलकर 24,154.90 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 10 के शेयर मजबूत रहे तो 40 में कमजोरी रही।

निवेशकों के ₹2.77 लाख करोड़ का नुकसान

सरकारी बैंकों व आईटी कम्पनियों के भारी दबाव के बीच निवेशकों को एक दिन में ही 2.77 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। एक कारोबारी दिन पहले सोमवार को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,93,54,909.78 करोड़ था, जो आज घटकर ₹4,90,77,822.78 करोड़ पर आ गया। इस प्रकार निवेशकों की पूंजी में ₹2,77,087.01 करोड़ की गिरावट दर्ज की गई।

एशियन पेंट्स के शेयर सर्वाधिक 2.40 फीसदी गिरे

सेंसेक्स समूह में शामिल शेयरों में एशियन पेंट्स के शेयरों में सर्वाधिक 2.40 फीसदी की गिरावट रही। इन्फोसिस, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और हिन्दुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले प्रमुख शेयरों में एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फाइनेंस शामिल हैं।

एफआईआई ने 2,535.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को 2,535.10 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत बढ़कर 91.02 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular