भाजपा की कारण बताओ नोटिस पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज बोले – ‘घर जाकर आराम से लिखूंगा जवाब’
चंडीगढ़, 11 फरवरी। हरियाणा में सत्ताधारी भाजपा ने अपने वरिष्ठ विधायक और कैबिनेट मंत्री अनिल विज को कारण बताओ नोटिस जारी की है। यह नोटिस मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर उनकी हालिया टिप्पणियों के बाद जारी हुई है। प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने सोमवार को विज को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा।
वहीं अब अनिल विज की भी इस नोटिस पर प्रतिक्रिया सामने आई है। मंगलवार शाम यहां मीडिया द्वारा इस बाबत पूछे गए सवालों पर विज ने कहा, ‘पार्टी की तरफ से भेजी गई शोकॉज नोटिस के बारे में मुझे मीडिया से ही पता चला था, लेकिन जवाब मीडिया माध्यम से नहीं दूंगा, सीधे पार्टी हाई कमान को दूंगा।’
विज ने कहा, ‘मैं तीन दिन बाद बेंगलुरु से आया हूं। सबसे पहले में घर जाऊंगा, ठंडे पानी से नहाऊंगा, रोटी खाऊंगा फिर तसल्ली से बैठकर जवाब लिखूंगा और पार्टी हाई कमान को भेजूंगा। मुझे ये पता नहीं है कि किसकी सहमति से पार्टी ने मुझे नोटिस भेजी है।‘
दिल्ली चुनाव के दौरान विज ने दिया था बयान
उल्लेखनीय है कि अनिल विज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के उड़नखटोले पर सवार होने तथा नीचे उतरकर जनता की सुनवाई करने का बयान देने के साथ ही कसौली दुष्कर्म कांड के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली से इस्तीफा मांगा था। विज ने यह बयान उस समय दिया था, जब दिल्ली में विधानसभा चुनाव चल रहे थे। मुख्यमंत्री दिल्ली चुनाव के लिए प्रचार में जुटे हुए थे।
अब दिल्ली विधानसबा में जीत के बाद पार्टी ने अनिल विज को नोटिस देकर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं में अनुशासन का कड़ा संदेश दिया है। समझा जाता है कि पार्टी यदि विज के जवाब से संतुष्ट नहीं होती तो उनके मंत्री पद पर खतरा हो सकता है।
