1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. पेरिस ओलम्पिक : मुक्केबाज निशांत देव क्वार्टरफाइनल में हारे, अब सिर्फ लवलीना बोरगोहेन से उम्मीदें
पेरिस ओलम्पिक : मुक्केबाज निशांत देव क्वार्टरफाइनल में हारे, अब सिर्फ लवलीना बोरगोहेन से उम्मीदें

पेरिस ओलम्पिक : मुक्केबाज निशांत देव क्वार्टरफाइनल में हारे, अब सिर्फ लवलीना बोरगोहेन से उम्मीदें

0
Social Share

पेरिस, 3 अगस्त। भारतीय मुक्केबाज निशांत देव पेरिस ओलम्पिक खेलों में पदक हासिल करने से चूक गए, जब शनिवार की रात पुरुषों के 71 किलो वर्ग क्वार्टरफाइनल में उन्हें मेक्सिको के मार्को वर्डे ने 4-1 से शिकस्त दे दी। इसके साथ ही पेरिस 2024 की पुरुष मुक्केबाजी स्पर्धा में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक में डेब्यू कर रहे निशांत देव शुरुआती राउंड में अपने आक्रामक अंदाज में नजर आए और दूसरी वरीयता प्राप्त मार्को वर्डे के खिलाफ लगातार बेहतरीन पंचों का इस्तेमाल किया। मार्को वर्डे शुरुआत से ही डिफेंसिव नजर आए, जिसका निशांत देव ने बखूबी फायदा उठाया। लेकिन मार्को वर्डे ने तीसरे राउंड में वापसी की और भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ बढ़त बना ली। अंततः निशांत देव को हार का सामना करना पड़ा।

पदक तालिका

उल्लेखनीय है कि बुधवार को हुए एक करीबी मुकाबले में गैर वरीय निशांत ने सातवीं वरीयता प्राप्त इक्वेडोर के मुक्केबाज को हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई थी। निशांत देव ने बैंकॉक में आयोजित वर्ल्ड ओलम्पिक बॉक्सिंग क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाते हुए पुरुषों के 71 किग्रा वर्ग में भारत के लिए पेरिस 2024 ओलम्पिक कोटा हासिल किया था।

लवलीना रविवार को खेलेंगी क्वार्टरफाइनल बाउट

पेरिस 2024 में अब भारत के मुक्केबाजी दल में सिर्फ लवलीना बोरगोहेन एकमात्र चुनौती हैं। वह रविवार को अपना क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेलेंगी। वहीं, निकहत जरीन, अमित पंघल, जैस्मीन लांबोरिया और प्रीति पवार की चुनौती पहले ही टूट चुकी है।

गोल्फ : शुभंकर शर्मा और गगनजीत भुल्लर बहुत पीछे

अन्य खेलों की बात करें तो भारतीय गोल्फर शुभंकर शर्मा पुरुष गोल्फ टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में एक ओवर का स्कोर कर पाए। कुल 211 के स्कोर के साथ शुभांकर 25वें स्थान से खिसकर 34वें स्थान पर आ गए हैं। एक राउंड अभी बाकी है। वहीं गगनजीत भुल्लर ने आज पार स्कोर करते हुए चार स्थान की छलांग लगाई और अब 215 के स्कोर के साथ 48वें स्थान पर हैं। अमेरिका के मौजूदा ओलम्पिक चैंपियन जैंडर शॉफेल और स्पेन के दो बार के राइडर कप विजेता जॉन राम वर्तमान में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं, जिन्होंने तीन राउंड के बाद 14 अंडर का स्कोर किया है।

पाल नौकायन : विष्णु सरवनन 6 रेस के बाद 23वें स्थान पर पिछड़े

भारत के पाल नाविक विष्णु सरवनन पुरुषों की डिंगी इवेंट में रेस पांच में 21वें और रेस छह में 13वें स्थान पर रहे। सभी नौकाएं शुरुआती सीरीज में 10 रेस में हिस्सा लेंगी। सीरीज के बाद शीर्ष 10 नेट स्कोर वाली नौकाएं मेडल रेस में शामिल होंगी। रेस 6 के बाद, एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता सरवनन 83 नेट स्कोर (कुल 117 अंक) के साथ 23वें स्थान पर हैं। रेस 7 और रेस 8 रविवार को आयोजित की जाएंगी।

नेत्रा कुमानन स्टैंडिंग में 13 स्थान नीचे खिसक गईं

वहीं महिलाओं की डिंगी इवेंट में 26 वर्षीया भारतीय नाविक नेत्रा कुमारन, जो तीसरी रेस के बाद 11वें स्थान पर थीं, छह रेस के बाद 24वें स्थान पर पिछड़ गईं। नेत्रा चौथी और पांचवीं रेस में 28वें स्थान पर रहीं और छठी रेस में 20वें स्थान पर रहीं। नेत्रा ने तीसरे दिन 96 नेट अंक (124 कुल अंक) के साथ समाप्त किया। पदक स्पर्धा के लिए क्वालीफाई करने के लिए उन्हें सीरीज़ के अंत तक शीर्ष 10 बोट में रहना होगा। इस बीच, सातवीं और आठवीं रेस रविवार को आयोजित की जाएगी।

पुरुष हॉकी क्वार्टर फाइनल में भारत की ग्रेट ब्रिटेन से टक्कर आज

इस बीच टोक्यो 2020 की कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम रविवार को क्वार्टर फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन से मुकाबला करेगी। भारतीय समयानुसार अपराह्न 1.30 बजे यह मुकाबला शुरू होगा। भारत पूल बी में तीन जीत व एक बराबरी के बाद जहां गत चैम्पियन बेल्जियम से पीछे दूसरे स्थान पर रहा था वहीं ग्रेट ब्रिटेन दो जीत दो बराबरी के साथ आठ अंक लेकर पूल ए में तीसरे स्थान पर था।

टोक्यो 2020 के क्वार्टरफाइनल में मनप्रीत सिंह की अगुआई वाली भारतीय टीम 3-1 से जीतकर कांस्य पदक मैच के लिए आगे बढ़ी थी। तब से दोनों टीमें चार बार आमने-सामने आ चुकी हैं। FIH प्रो लीग 2023-24 के इन चारों मैचों में भारतीय हॉकी टीम सिर्फ एक बार जीतने में सफल हुई है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code