विश्व कप क्रिकेट : पाकिस्तान ने आसान जीत से खाता खोला, नीदरलैंड्स 81 रनों से परास्त

हैदराबाद, 6 अक्टूबर। पूर्व चैम्पियन पाकिस्तान ने आईसीसी एक दिनी क्रिकेट विश्व कप में शुक्रवार को आसान जीत से खाता खोला, जब बल्लेबाजों व गेंदबाजों के समग्र प्रदर्शन के सामने नीदरलैंड्स 54 गेंदों के शेष रहते 81 रनों से परास्त हो गया।

बास डी लीडे व साथी गेंदबाजों ने गिरा दिए पाकिस्तान के सभी विकेट

हालांकि क्वालीफाइंग राउंड के जरिए मुख्य दौर में प्रवेश पाने वाली डच टीम के लिए यही उपलब्धि रही कि उसने उप्पल स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य पाकिस्तान के सभी विकेट गिरा दिए। इनमें पेसर बास डी लीडे ने 62 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट लिए। बाद में डी लीडे ने अर्धशतकीय पारी भी खेली। लेकिन उनका प्रयास अंततः नाकाम रहा।

रिजवान व शकील ने खराब शुरुआत से पाकिस्तान को उबारा

पाकिस्तान खराब शुरुआत के बाद मोहम्मद रिजवान (68 रन, 75 गेंद, आठ चौके) और सऊद शकील (68 रन, 52 गेंद, एक छक्का, नौ चौके) के अर्धशतक एवं उनके बीच शतकीय भागीदारी की मदद से 49 ओवरों में 286 रनों तक पहुंचा था। इसके बाद सुपर फास्ट हारिस रऊफ (3-43) की अगुआई में पाकिस्तानी गेंदबाजों ने आक्रामक अंदाज दिखाया और नीदरलैंड्स की टीम 41 ओवरों में 205 रनों पर सीमित हो गई।

चौथे विकेट के लिए 114 गेंदों पर 120 रनों की भागीदारी

इसमें कोई शक नहीं कि नीदरलैंड्स ने पाकिस्तान की शुरुआत बिगाड़ दी थी, जो 10वें ओवर में 38 रनों के स्कोर शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों – फखर जमां (12), इमाम-उल-हक (15) व कप्तान बाबर आजम (5) को गंवा चुका था। लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज रिजवान व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ शकील ने चौथे विकेट के लिए 114 गेंदों पर 120 रनों की साझेदारी से गाड़ी पटरी पर लौटा दी।

स्कोर कार्ड

बाद में मोहम्मद नवाज (39 रन, 43 गेंद, चार चौके) व शादाब खान (32 रन, 34 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने सातवें विकेट पर 64 रनों की भागीदारी की और पुछल्लों – हारिस रऊफ (16) व शाहीन शाह अफरीदी (13) ने टीम को 285 के पार पहुंचा दिया। बास डी लीडे के अलावा कोलिन एकरमान ने दो विकेट लिए।

डच टीम के लिए डी लीडे व विक्रमजीत ने जड़े अर्धशतक

जवाबी कारवाई में बास डी लीडे (67 रन, 68 गेंद, दो छक्के, छह चौके) व ओपनर विक्रमजीत सिंह (52 रन, 67 गेंद, एक छक्का, चार चौके) ने पाकिस्तानी आक्रमण के सामने न सिर्फ पचासे जड़े वरन 50 पर दो विकेट गिरने के बाद 70 रनों की भागीदारी भी कर दी। लेकिन यह भागीदारी टूटने के बाद तीसरे सर्वोच्च स्कोरर लोगान वान बीक (नाबाद 28 रन, 28 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) ही रहे। हारिस के अलावा हसन अली ने 33 पर दो विकेट लिए। शाहीन अफरीदी, इफ्तेखार अहमद, मो. नवाज व शादाब खान को एक-एक विकेट मिला।

टूर्नामेंट का पहला डबल हेडर

इस बीच टूर्नामेंट का पहला डबल हेडर शनिवार को देखने को मिलेगा। इसके तहत शिमला में अफगानिस्तान व बांग्लादेश के बीच धर्मशाला में पूर्वाह्न 10.30 से मुकाबला शुरू होगा वहीं दक्षिण अफ्रीका व श्रीलंकाई टीमें नई दिल्ली में आमने-सामने होंगी। यह मैच अपराह्न दो बजे से शुरू होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular