बेंगलुरु, 20 अक्टूबर। क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और तेज गेंदबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका खेल नहीं, बल्कि एक फैन के प्रति उनका व्यवहार है। अपने पसंदीदा क्रिकेटर से मिलने के लिए लखनऊ का एक प्रशंसक 1,000 किलोमीटर से ज्यादा का सफर पैदल तय करके बेंगलुरु पहुंच गया। हार्दिक ने भी अपने इस फैन को निराश नहीं किया। उन्होंने उससे मुलाकात की, उसका हालचाल पूछा और घर लौटने के लिए टिकट की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
लखनऊ से मुंबई पहुंचा, फिर बेंगलुरु के लिए निकला पैदल
हार्दिक पांड्या से मिलने की चाह में लखनऊ निवासी रवि कुमार रावत ने लंबा सफर तय किया। वह अपने पसंदीदा क्रिकेटर से मिलने के लिए पहले लखनऊ से मुंबई पहुंचे। हालांकि, वहां उन्हें पता चला कि हार्दिक पांड्या बेंगलुरु चले गए हैं। इसके बाद भी रवि ने हार नहीं मानी और हार्दिक से मिलने की उम्मीद में बेंगलुरु की ओर पैदल ही निकल पड़े। इस तरह उन्होंने 1,000 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय की। आखिरकार उनकी कोशिश रंग लाई और वह बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंच गए।
हार्दिक ने पूछा- तुम्हारे लिए क्या कर सकता हूं?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में हार्दिक पांड्या अपने फैन से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। मुलाकात के दौरान हार्दिक ने रवि का हालचाल पूछा और यह जानने की कोशिश की कि उसे किसी तरह की मदद की जरूरत तो नहीं है।हार्दिक ने उससे पूछा कि वह उसके लिए क्या कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने रवि को घर वापस लौटने के लिए ट्रेन टिकटों की व्यवस्था कराने का भरोसा भी दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह उनसे संपर्क कर सकता है। हार्दिक का यह अंदाज फैंस को पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग उनके व्यवहार की तारीफ कर रहे हैं और इसे प्रशंसकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की मिसाल बता रहे हैं।
फैन के प्रति हार्दिक के व्यवहार ने जीता दिल
अपने पसंदीदा खिलाड़ी से मिलने के लिए रवि ने जिस तरह लंबा सफर तय किया, वह उनकी दीवानगी को दिखाता है। वहीं, हार्दिक ने मुलाकात के दौरान जिस तरह उसका हालचाल पूछा और मदद की पेशकश की, उससे उनके प्रशंसकों के साथ जुड़ाव की झलक मिली। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि किसी खिलाड़ी की लोकप्रियता केवल उसके मैदान पर प्रदर्शन से ही नहीं, बल्कि प्रशंसकों के साथ उसके व्यवहार से भी जुड़ी होती है।
चोट से उबर रहे हैं हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या फिलहाल अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं और बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। चोट के कारण उनकी क्रिकेट में वापसी पर प्रशंसकों की नजरें बनी हुई हैं। भारतीय टीम के अहम ऑलराउंडर हार्दिक अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और उपयोगी तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही है। ऐसे में फैंस उनकी फिटनेस में सुधार और मैदान पर वापसी का इंतजार कर रहे हैं।


