1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. नीरज चोपड़ा, मिताली राज व सुनील छेत्री सहित 12 एथलीटों को राष्ट्रपति कोविंद ने दिया ‘खेल रत्न’
नीरज चोपड़ा, मिताली राज व सुनील छेत्री सहित 12 एथलीटों को राष्ट्रपति कोविंद ने दिया ‘खेल रत्न’

नीरज चोपड़ा, मिताली राज व सुनील छेत्री सहित 12 एथलीटों को राष्ट्रपति कोविंद ने दिया ‘खेल रत्न’

0
Social Share

नई दिल्ली, 13 नवंबर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए।

टोक्यो ओलंपिक के इकलौते स्वर्ण पदक विजेता भाला प्रक्षेपक नीरज चोपड़ा, पहलवान रवि कुमार दहिया, पैरा शूटर अवनी लेखारा, भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री और राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज सहित 12 एथलीटों को राष्ट्रपति कोविंद ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया।

ओलंपिक कांस्य विजेता हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत और गोली श्रीजेश भी खेल रत्न

मेजर ध्यानचंद ‘खेल रत्न’ अवार्ड से सम्मानित अन्य खिलाड़ियों में ओलंपिक कांस्य पदक विजेता हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह और गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश, लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी), सुमित अंतिल (पैरा एथलेटिक्स), प्रमोद भगत (पैरा बैडमिंटन), मनीष नरवाल (पैरा निशानेबाजी) शामिल रहे।

कृष्णा नगर (पैरा बैडमिंटन) को भी खेल रत्न पुरस्कार मिलना था, लेकिन अपनी मां के आकस्मिक निधन के कारण वह इस कार्यक्रम का हिस्सा न बन सके।

शिखर धवन, भावना, सुहास सहित 35 खिालड़ियों को अर्जुन पुरस्कार

राष्ट्रपति कोविंद ने खेल पुरस्कारों के ही क्रम में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, टोक्यो 2020 पैरालिंपिक रजत पदक विजेता भावना पटेल और पैरा शटलर व नोएडा के डीएम सुहास यतिराज सहित 35 खिलाड़ियों को अर्जुन अवार्ड प्रदान किए।

अर्जुन पुरस्कार विजेता अन्य खिलाड़ियों में सिमरनजीत कौर (हॉकी), भवानी देवी (फेंसिंग), मोनिका (हॉकी), वंदना कटारिया (हॉकी), संदीप नरवाल (कबड्डी), हिमानी उत्तम परब (मल्लखंब), अभिषेक वर्मा (शूटिंग), अंकिता रैना (टेनिस), दीपक पुनिया (कुश्ती), योगेश कथुनिया (पैरा-एथलेटिक्स), निषाद कुमार (पैरा-एथलेटिक्स), प्रवीण कुमार (पैरा-एथलेटिक्स), सिंहराज अधाना (पैरा शूटिंग), हरविंदर सिंह (पैरा तीरंदाजी), और शरद कुमार (पैरा-एथलेटिक्स) शामिल रहे।

कप्तान व गोलकीपर को छोड़ हॉकी टीम के अन्य सदस्य अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित

पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह और गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश जहां खेल रत्न अवार्ड से सम्मानित हुए वहीं टीम के अन्य सभी खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें दिलप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, रूपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, अमित रोहिदास, बीरेंद्र लाकड़ा, सुमित, नीलकांता शर्मा, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, गुरजंत सिंह, मनदीप सिंह, शमशेर सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, वरुण कुमार व सिमरनजीत सिंह।

ज्ञातव्य है कि मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार पिछले चार वर्षों की अवधि में एक खिलाड़ी द्वारा खेल के क्षेत्र में शानदार और सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। वहीं अर्जुन पुरस्कार पिछले चार वर्षों की अवधि में अच्छे प्रदर्शन और नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन की भावना दिखाने के लिए दिया जाता है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code