लखनऊ, 4 नवंबर : दीपोत्सव-2026 में अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत नए तकनीकी अंदाज में नजर आएगी। राम की पैड़ी पर सात नवंबर को होने वाले मुख्य आयोजन में करीब 28 मिनट की विशेष प्रस्तुति के जरिये प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने की गाथा जीवंत की जाएगी। इसमें मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन, लेजर शो, एरियल एक्ट और 100 से अधिक लोक एवं शास्त्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां शामिल होंगी। इस बार पर्यटन विभाग ने खासतौर पर नई पीढ़ी यानी जेन-जी को ध्यान में रखकर आयोजन की रूपरेखा तैयार की है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि राम की पैड़ी पर पानी के बीच फ्लोटिंग मंच बनाया जा रहा है। इस पर कलाकार नृत्य, संगीत और नाटकीय प्रस्तुतियों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को पेश करेंगे। 2डी, 3डी विजुअल, लाइव और मूविंग प्रॉप्स तथा प्रकाश प्रभावों का भी इस्तेमाल होगा। कहानी, संगीत और वॉयस ओवर के समन्वय से श्रीराम के अयोध्या आगमन का प्रसंग प्रस्तुत किया जाएगा। पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि परंपरा और तकनीक का यह समन्वय अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ पर्यटकों को यादगार अनुभव देगा।
-
मोबाइल पर दिखेंगे रामायण के 3डी दृश्य
इस बार दर्शकों को ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) का अनुभव भी मिलेगा। इसके लिए आईओएस और एंड्रॉयड ऐप तैयार किया जाएगा। राम की पैड़ी क्षेत्र में निर्धारित स्थान को मोबाइल से स्कैन करने पर रामायण के पांच 3डी दृश्य वास्तविक परिवेश में दिखाई देंगे। दर्शक इन दृश्यों को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा भी कर सकेंगे। जियो-फेंसिंग के कारण यह सुविधा केवल राम की पैड़ी क्षेत्र में उपलब्ध होगी।
नौ नवंबर तक होंगे आयोजन
मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो पांच से नौ नवंबर तक होंगे। पांच नवंबर को दो ट्रायल शो, छह नवंबर को फुल ड्रेस रिहर्सल और सात नवंबर को मुख्य प्रस्तुति के साथ आमजन के लिए तीन अतिरिक्त शो होंगे। आठ नवंबर को चार शो आयोजित किए जाएंगे, जबकि नौ नवंबर को अयोध्यावासियों के लिए विशेष ड्रोन शो होगा। मुख्य प्रस्तुति के अलावा आठ मिनट का लेजर शो और 20 मिनट का प्रोजेक्शन मैपिंग शो भी होगा।
-
दीपोत्सव-2026 : कार्यक्रमों की तिथियां
* 5 नवंबर: मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो के दो ट्रायल शो।
* 6 नवंबर: मुख्य आयोजन की फुल ड्रेस रिहर्सल।
* 7 नवंबर: दीपोत्सव की मुख्य संध्या पर मुख्यमंत्री के समक्ष विशेष प्रस्तुति। आमजन के लिए तीन अतिरिक्त शो भी होंगे।
* 8 नवंबर: दीपावली पर चार शो, इनमें नृत्य कार्यक्रम शामिल नहीं होगा।
* 9 नवंबर: अयोध्यावासियों के लिए विशेष ड्रोन शो।28 मिनट में जीवंत होगी श्रीराम के अयोध्या लौटने की गाथा।


