कोरोना पर उच्चस्तरीय बैठक में बोले पीएम मोदी – देशभर में 1,500 ऑक्सीजन प्लांट्स लगाए जा रहे

नई दिल्ली, 9 जुलाई। कोविड-19 महामारी की आशंकित तीसरी लहर से निबटने के क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देशभर में ऑक्सीजन की वर्तमान उपलब्धता एवं इसकी वृद्धि को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक आहूत की। वर्चुअली आयोजित इस बैठक में उन्होंने पीएम केयर्स फंड के तहत स्थापित किए जा रहे पीएसए ऑक्सीजन प्लांटों का भी जायजा लिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में बताया, ‘देशभर में 1,500 से अधिक पीएसए ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना की जा रही है। पीएम केयर्स द्वारा दिए गए पीएसए ऑक्सीजन प्लांट के जरिए चार लाख से अधिक ऑक्सीजनेटेड बिस्तरों को सपोर्ट मिलेगा।’ उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यथासंभव इन प्लांटों का कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

दरअसल, कोरोना महामारी की तीसरी लहर से पहले सरकार ने देश में ऑक्सीजन आपूर्ति बढ़ाने के लिए बड़ी योजना तैयार की है। इस क्रम में ऑक्सीजन का उत्पादन और आपूर्ति से जुड़ीं बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम जारी है।

गौरतलब है कि देश ने कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की किल्लत समेत अस्पतालों व तमाम चिकित्सीय उपकरणों की कमी झेली है। दोबारा ऐसा न हो, इसलिए महामारी की तीसरी लहर की आशंकाओं के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने यह समीक्षा बैठक बुलाई थी।

इससे पूर्व गुरुवार को भी पीएम मोदी ने केरल व महाराष्ट्र सहित कुछ राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर की थी। उन्होंने कैबिनेट की बैठक के दौरान कहा था कि कई जगहों पर कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर बरती जा रही लापरवाही चिंताजनक है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि एक छोटी सी गलती के दूरगामी परिणाम हो सकते हैं और महामारी से लड़ाई कमजोर पड़ सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular