CJP Protest : दिल्ली-हजरत निजामुद्दीन आने वालीं 75 ट्रेनें रद, सूची में यूपी-बिहार समेत हावड़ा-सियालदह-मुंबई की ट्रेनें शामिल

नई दिल्ली, नौ अक्टूबर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार (10 अक्टूबर) को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन और ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए भारतीय रेलवे ने शनिवार को नई दिल्ली व हजरत निजामुद्दीन आने वालीं 75 ट्रेनें रद कर दी हैं। इनमें यूपी-बिहार समेत हावड़ा-सियालदह-मुंबई से आने वालीं मुंबई राजधानी, पटना से तेजस राजधानी, अमृत भारत व सीमांचल एक्सप्रेस सरीखी ट्रेनें भी शामिल हैं।

रद ट्रेनों में हमसफर, गरीब रथ, तेजस, राजधानी और अमृत भारत भी शामिल

रेलवे बोर्ड के कोचिंग निदेशालय द्वारा शुक्रवार को जारी निर्देश के अनुसार 10 अक्टूबर को तड़के 4.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद कर दिया गया है। इस फैसले के तहत कानपुर शताब्दी, हमसफर, गरीब रथ, तेजस, राजधानी और अमृत भारत समेत कुल 75 गाड़ियां प्रभावित हुई हैं। इनमें नौ अक्टूबर और 10 अक्टूबर को प्रभावित होने वाली ट्रेनें शामिल हैं।

नई दिल्ली व हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों ने प्रतिदिन 165 ट्रेनें चलती हैं

भारतीय रेलवे के अनुसार, आनंद विहार रेलवे स्टेशन, सफदरजंग रेलवे स्टेशन, सराय रोहिल्ला स्टेशन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए पूरी तरह से चालू रहेंगे। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से कुल मिलाकर प्रतिदिन 165 ट्रेनें चलती हैं।

रद होने वाली ट्रेनों की सूची में हावड़ा, सियालदह, मुंबई और राजेंद्र नगर से आने वाली चार राजधानी एक्सप्रेस के साथ कानपुर शताब्दी, प्रयागराज हमसफर, रांची गरीब रथ, लखनऊ तेजस और अमृत भारत एक्सप्रेस भी शामिल हैं। इनमें से 17 ट्रेनें नौ अक्टूबर को चलने वाली थीं और चार ट्रेनें 10 अक्टूबर की सुबह के लिए शेड्यूल थीं।

हजरत निजामुद्दीन और नई दिल्ली स्टेशन से रद हुई ट्रेनों की सूची :-

  • ट्रेन नंबर 22221 मुंबई CSMT-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (गया के रास्ते)
  • ट्रेन नंबर 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर 12309 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर 12877 रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर 12275 प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस से नई दिल्ली
  • ट्रेन नंबर 12451 श्रमशक्ति एक्सप्रेस कानपुर से नई दिल्ली
  • ट्रेन नंबर 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस राजेंद्र नगर टर्मिनल से नई दिल्ली
  • ट्रेन नंबर 22361 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर 20801 मगध एक्सप्रेस इस्लामपुर से नई दिल्ली (पटना होकर)
  • ट्रेन नंबर 12559 शिवगंगा एक्सप्रेस बनारस से नई दिल्ली
  • ट्रेन नंबर 12581 बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर 12447 यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस मानिकपुर जंक्शन से हजरत निजामुद्दीन
  • ट्रेन नंबर 12189 महाकौशल एक्सप्रेस जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन
  • ट्रेन नंबर 22181 गोंडवाना सुपरफास्ट एक्सप्रेस जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन
  • ट्रेन नंबर 12121 मध्य प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन
  • ट्रेन नंबर 14211 इंटरसिटी एक्सप्रेस आगरा कैंट से नई दिल्ली
  • ट्रेन नंबर 15303 कासगंज–नई दिल्ली ट्रेन कासगंज से नई दिल्ली
  • ट्रेन नंबर 82501 लखनऊ जंक्शन-नई दिल्ली ट्रेन
  • ट्रेन नंबर 15308 सिरसा-तिलक ब्रिज ट्रेन
  • ट्रेन नंबर 14738-14737 तिलक ब्रिज भिवानी
  • ट्रेन नंबर 14728 तिलक ब्रिज- श्रीगंगानगर एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर 12056 देहरादून–नई दिल्ली ट्रेन जन शताब्दी एक्सप्रेस

मुंबई से आने वालीं दो ट्रेनों का समय परिवर्तित

इसी क्रम में रेलवे ने मुंबई से दिल्ली आने वाली दो ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। ये दोनों ट्रेन पांच घंटे की देरी से चलेंगी। ट्रेन नंबर 12951 मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को निर्धारित समय से पांच घंटे की देरी से चलेगी। जारी सूचना में रीशेड्यूल समय सुबह 8.32 बजे दिया गया है। वहीं ट्रेन नंबर 12953 मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को निर्धारित समय से पांच घंटे की देरी से चलेगी। जारी सूचना में रीशेड्यूल समय सुबह 9.43 बजे दिया गया है।

यात्रियों से अपील – यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें

इस बीच रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति (Train Status) की जांच अवश्य कर लें। रेलवे के इंजीनियर और परिचालन दल शनिवार, 10 अक्टूबर को दोपहर 2.00 बजे के बाद ही मुख्य प्रदर्शन के घंटे बीतने के बाद ट्रेन संचालन को सामान्य रूप से रीसेट करने की योजना बना रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular