Homeहिन्दीखेलचाइना ओपन बैडमिंटन : सात्विक व चिराग के हार के साथ भारतीय...

चाइना ओपन बैडमिंटन : सात्विक व चिराग के हार के साथ भारतीय चुनौती समाप्त

चांग्झू (चीन), 6 सितम्बर। राष्ट्रमंडल खेलों की चैम्पियन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पहले दौर में पराजय के साथ ही यहां चाइना ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी को 13वें क्रम की इंडोनेशियाई टीम मोहम्मद शोहिबुल फिकरी व मौलाना बागास ने 21-17, 11-21, 21-17 से शिकस्त दी।

एशियाई खेलों से ठीक पहले इस प्रदर्शन से सात्विक और चिराग को निराशा हुई होगी, जिन्होंने इस सत्र में स्विस ओपन सुपर 300, कोरिया ओपन और इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए खिताब जीते थे।

उधर मिश्रित युगल में एन सिक्की रेड्डी और रोहन कपूर भी पहले दौर में मलेशिया के चेन तांग जी ओर तोह ई वेइ के हाथों 15-21, 16-21 से हार गए। इस प्रकार भारत का कोई भी खिलाड़ी दूसरे दौर में नहीं पहुंच सका।

विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय भी पहले दौर में मलेशिया के एंग जी योंग से हार गए थे। वहीं राष्ट्रमंडल खेल चैम्पियन लक्ष्य सेन को भी पहले दौर में ही डेनमार्क के एंडर्स एंटोन्सेन से शिकस्त खानी पड़ी थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments