मुंबई, छह नवम्बर। दीपावली बंपर धमाका के बीच नवम्बर, 2025 के बाद से लगातार कारोबारी सत्रों में तेजी का रिकॉर्ड बना चुके भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को धरतेरस के अवसर पर भी खूब धन बरसा और दोनों मानक सूचकांक लगातार सातवें दिन जबर्दस्त छलांग के साथ बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 1,718 अंकों की बड़ी उछाल से जहां 81,000 का स्तर पार कर गया वहीं एनएसई निफ्टी 494 अंकों की मजबूती से नौ माह के शीर्ष पर जा पहुंचा और 25,000 के स्तर के पार जाकर रुका।
दिलचस्प यह रहा कि वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के बावजूद घरेलू शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला लगातार सातवें कारोबारी सत्र में भी जारी रहा। विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों की घरेलू शेयर बाजार के प्रति धारणा मजबूत बनी रही।
विश्लेषकों के अनुसार दूसरी तिमाही में कम्पनियों के बेहतर वित्तीय नतीजों और रुपये में मजबूती से भी बाजार की धारणा को समर्थन मिला। इसके साथ ही शेयर बाजार में दिवाली का त्योहारी उत्साह भी बना हुआ है।
लगातार 7 कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 10.62% व निफ्टी 10.27% चढ़ा
कुल मिलाकर देखें तो पिछले लगातार सात कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 7,781.99 अंक यानी 10.62 प्रतिशत चढ़ चुका है जबकि निफ्टी में 2,331.5 अंक यानी 10.27 प्रतिशत की तेजी आई है। कारोबारी सप्ताह की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स ने 6,568.49 अंक यानी 8.82 प्रतिशत की जोरदार बढ़त दर्ज की जबकि एनएसई निफ्टी ने कुल 1,977.25 अंक यानी 8.57 प्रतिशत की छलांग लगाई।
सेंसेक्स 2.17% चढ़कर दिन के उच्चतम स्तर 81,028.02 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,718.01 अंक यानी 2.17 प्रतिशत चढ़कर दिन के उच्चतम स्तर 81,028.02 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में एक छोड़ सभी 29 के स्टॉक मजबूती लेकर बंद हुए।
निफ्टी 493.75 अंकों की बढ़त के साथ 25,030.35 पर बंद
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 493.75 अंक यानी 2.01 प्रतिशत की तगड़ी बढ़त के साथ दिन के उच्चतम स्तर 25,030.35 अंक पर बंद हुआ। इस क्रम में सूचकांक ने 27 फरवरी, 2026 के बाद पहली बार 24,900 का स्तर पार किया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 43 के शेयर लाभ में रहे तो सात में गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में मिश्रित परिणाम
हालांकि शेयर बाजार की तेजी मुख्य रूप से बड़ी कम्पनियों के शेयरों और बैंकिंग एवं वित्तीय सेवा क्षेत्र तक सीमित रही। व्यापक बाजार में मझोली कम्पनियों का बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.23 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ जबकि छोटी कम्पनियों के स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.92 प्रतिशत की गिरावट आई।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो कंज्यूमर ड्यूरेबल, निफ्टी बैंक, फार्मा और प्राइवेट बैंक सेक्टर में 1 से 3 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। वहीं एनर्जी, मीडिया और रियल्टी सेक्टर में 1-1 प्रतिशत की गिरावट आई।
महिंद्रा एंड महिंद्रा में सबसे अधिक 6.15 प्रतिशत मुनाफा
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 6.15 प्रतिशत चढ़ा। कम्पनी ने गुरुवार को कहा था कि सितम्बर तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 25 प्रतिशत बढ़कर 4,587.88 करोड़ रुपये रहा। वाहन कारोबार में मजबूत राजस्व वृद्धि से कम्पनी के लाभ को समर्थन मिला।
आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में भी बढ़त रही। वस्तुतः सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से सिर्फ पावर ग्रिड का शेयर ही गिरावट में रहा।
FII ने 24 फरवरी, 2021 के बाद से एक दिन की सबसे बड़ी खरीदारी की
इस बीच शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 14,974.68 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। यह 24 फरवरी, 2021 के बाद से उनकी एक दिन की सबसे बड़ी खरीदारी रही। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.50 प्रतिशत गिरकर 96.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।


