अल अमेरात (ओमान), 10 नवम्बर। टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर रहे वीरेंद्र सहवाग के होनहार पुत्र आर्यवीर सहवाग ने मंगलवार को यहां अपने पिता जैसा ही आक्रामक अंदाज दिखाया और उनकी शानदार शतकीय पारी (160 रन, 168 गेंद, सात छक्के, 17 चौके) के बाद गेंदबाजों की कसावट के सहारे भारत ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर 70 रनों की बड़ी जीत से ACC अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
India end the group with a commanding win over the UAE and set up a cracking fixture against Afghanistan in the Semis 🔥
#DPWorldMensU19AsiaCup2026 #INDvUAE #ACC https://t.co/IvyCDAtD7P
— AsianCricketCouncil (@ACCMedia1) November 10, 2026
आर्यवीर के सैकड़ें से 309 रनों तक पहुंच गया भारत
बीते रविवार को पाकिस्तान के हाथों हार के बाद भारत के लिए यूएई के खिलाफ मुकाबला ‘करो या मरो’ का था। फिलहाल अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी के लिए बाध्य भारत ने 19 वर्षीय दिल्लीवासी आर्यवीर के युवा वनडे में पहले शतक की बदौलत सात विकेट पर 309 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया।
Leading the charge at the top of the order 👊
An impressive 𝗛𝗨𝗡𝗗𝗥𝗘𝗗 by Aaryavir Sehwag 💯
Updates ▶️ https://t.co/M0EJVCkM56
#MensU19AsiaCup https://t.co/lntDRlo5F2
— BCCI (@BCCI) November 10, 2026
ईशान सूद एंड कम्पनी के सामने यूएई 239 रनों पर सीमित
जवाब में चंडीगढ़ के 17 वर्षीय किशोरवय मीडियम पेसर ईशान सूद (4-37) व उनके साथी गेंदबाजों ने यूएई टीम को 50 ओवरों में 239 रनों पर समेट दिया। यूएई के सर्वोच्च स्कोरर अहमद खुदादाद (74 रन, 74 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) व नूरुल्लाह अयोबी (39 रन, 25 गेंद, चार छक्के, एक चौका) ही तनिक संघर्ष कर सके।
भारत की सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से होगी मुलाकात
भारत ने तीन मैचों में दूसरी जीत से चार अंक लेकर पाकिस्तान (छह अंक) के बाद ग्रुप एक में दूसरा स्थान हासिल किया। उधर ग्रुप बी में अफगानिस्तान (छह अंक) व बांग्लादेश (चार अंक) की टीमें क्रमशः शीर्ष दो स्थानों पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंचीं। अब सेमीफाइनल में गुरुवार को भारत की मुलाकात अफगानिस्तान से होगी जबकि पाकिस्तान के सामने बांग्लादेश होगा।

भारतीय पारी की बात करें तो आर्यवीर ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन क्रीज पर तनिक समय व्यतीत करने के बाद चौकों और छक्कों की झड़ी लगा दी। दिलचस्प यह रहा कि उन्हें खाता खोलने के लिए 14 गेंदों का इंतजार करना पड़ा। हिदायतुल्लाह खान की गेंद पर मिडविकेट की दिशा में चौका लगाकर उन्होंने अपना खाता खोला।
Aaryavir Sehwag is the Player of the Match for his brilliant knock 👏
Courtesy of a 70-run win, India U19 enter the semi-finals where they will face Afghanistan U19 on Thursday 🙌
Scorecard ▶️ https://t.co/M0EJVCkM56
#MensU19AsiaCup https://t.co/vsGh5hILnx
— BCCI (@BCCI) November 10, 2026
आर्यवीर की पारी में 97 गेंदें डॉट रहीं, जो बताती हैं कि इस युवा बल्लेबाज को अभी अपने खेल में काफी सुधार करना है। उन्होंने इससे पहले नेपाल के खिलाफ नाबाद 70 रन बनाए थे जबकि पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप चरण के मुकाबले में उनके बल्ले से 22 रन निकले थे।
आर्यवीर व विनीत के बीच 197 रनों की भारी भरकम साझेदारी
कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (17 रन, 32 गेंद, दो चौके) संग पारी की शुरुआत करने वाले आर्यवीर ने पहले विकेट पर 62 रन जोड़े। नूरुल्लाह ने 14वें ओवर में लक्ष्य को लौटाकर यह भागीदारी तोड़ी तो वीके विनीत (67 रन, 69 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) ने आर्यवीर के साथ मिलकर खूंटा गाड़ दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 183 गेंदों पर 197 रनों की भारी भरकम भागीदारी से स्कोर ढाई सौ के पार पहुंचा दिया।
‘प्लेयर ऑफ द मैच’ सहवाग ने इस दौरान 69 गेंदों पर पचासा पूरा किया तो 130 गेंदों पर उनका पहला शतक आया। लेकिन शतक पूरा करने के बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए अगले 60 रन महज 37 गेंदों पर जोड़ दिए। उनकी शानदार पारी का अंत 45वें ओवर में हुआ, जब नसीम खान (4-84) ने मिडविकेट में उन्हें कैच करा साझेदारी तोड़ी। वहीं विनीत भी पचासा पूरा करने के बाद लौटे और यशवर्धन चौहान (17 रन, 10 गेंद, दो चौके) व पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के 17 वर्षीय पुत्र अन्वय द्रविड़ (12 रन, नौ गेंद, एक छक्का) दहाई में पहुंचे।
अहमद व नूरुल्लाह ने सातवें विकेट के लिए 52 गेंदों पर जोड़े 90 रन
जवाबी काररवाई में यूएई के शुरुआती बल्लेबाज बड़ी भागीदारी विकसित करने में असफल रहे। 39वें ओवर में 141 पर छठा विकेट गिरने के बाद अहमद खुदादाद व नूरुल्लाह अयोबी ने 52 गेंदों पर 90 रनों की तेज साझेदारी से दल को सवा दो सौ के पार पहुंचाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूद ने इन दोनों को 48वें ओवर में तीन गेंदों के भीतर लौटाया। सूद के अलावा छह गेंदबाजों को एक-एक सफलता मिली।
गुरुवार को खेले जाएंगे दोनों सेमीफाइनल
एक दिन के विश्राम के बाद गुरुवार को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे। भारत की मुलाकात अफगानिस्तान से होगी जबकि पाकिस्तान के सामने बांग्लादेश होगा। वहीं 14 नवम्बर को खिताबी मुकाबला होगा।


