1. Home
  2. राज्य
  3. यूपी में रिटायर्ड ARTO के घर पर विजिलेंस की रेड : 13KG सोना, 9 किलो चांदी और 1.62 करोड़ मिले कैश
यूपी में रिटायर्ड ARTO के घर पर विजिलेंस की रेड : 13KG सोना, 9 किलो चांदी और 1.62 करोड़ मिले कैश

यूपी में रिटायर्ड ARTO के घर पर विजिलेंस की रेड : 13KG सोना, 9 किलो चांदी और 1.62 करोड़ मिले कैश

0
Social Share

लखनऊ, 9 जुलाई। उत्तर प्रदेश में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर करीब 26 घंटे तक छापेमारी की। इस दौरान टीम को भारी मात्रा में सोना, चांदी, हीरे के आभूषण, करोड़ों रुपये नकद और कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 35 करोड़ रुपये है।

छापेमारी के दौरान विजिलेंस टीम ने घर से करीब 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी और बड़ी मात्रा में हीरे के आभूषण बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 1.62 करोड़ रुपये नकद भी मिले, जिन्हें घर की दीवारों, पैकेटों और अलग-अलग कमरों में छिपाकर रखा गया था। जांच के दौरान 15 मकानों, फ्लैटों और कृषि भूमि से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए।

भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत उस समय दर्ज हुई थी, जब वे कानपुर में परिवहन विभाग में संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) के पद पर कार्यरत थे। शिकायत मिलने के बाद परिवहन आयुक्त की अनुमति से उनकी आय और संपत्तियों की विस्तृत जांच शुरू की गई।

आय से 73.6 प्रतिशत अधिक खर्च का दावा

जांच में सामने आया कि ललित कुमार की वैध आय लगभग 93.26 लाख रुपये थी, जबकि चल-अचल संपत्तियों की खरीद और अन्य मदों पर उन्होंने करीब 1.61 करोड़ रुपये खर्च किए। जांच एजेंसी के अनुसार यह उनकी घोषित आय से करीब 73.6 प्रतिशत अधिक है। अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त संपत्ति और खर्च के संबंध में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

कोर्ट के वारंट पर हुई कार्रवाई

आगरा से सेवानिवृत्त होने के बाद ललित कुमार लखनऊ के अलीगंज स्थित चंद्रलोक कॉलोनी में रह रहे थे। विजिलेंस ने अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद उनके आवास पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के कई हिस्सों से छिपाकर रखी गई नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान बरामद किया गया। अब विजिलेंस बरामद संपत्तियों के स्रोत और पूरे मामले की विस्तृत जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code