1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. अमेरिका ने वर्ष 2023 में रिकॉर्ड 14 लाख भारतीयों को जारी किए वीजा, हर 10 अमेरिकी वीजा आवेदकों में से एक भारतीय
अमेरिका ने वर्ष 2023 में रिकॉर्ड 14 लाख भारतीयों को जारी किए वीजा, हर 10 अमेरिकी वीजा आवेदकों में से एक भारतीय

अमेरिका ने वर्ष 2023 में रिकॉर्ड 14 लाख भारतीयों को जारी किए वीजा, हर 10 अमेरिकी वीजा आवेदकों में से एक भारतीय

0
Social Share

नई दिल्ली, 31 जनवरी। भारत में मौजूद अमेरिकी अधिकारियों की टीम ने वर्ष 2023 में रिकॉर्ड 14 लाख भारतीयों को अमेरिकी वीजा जारी किए हैं। यह संख्या पहले की तुलना में कहीं अधिक है। वहीं, विजिटर वीजा अपॉइंटमेंट प्रतीक्षा समय में 75 फीसदी की कमी आई है। भारत में अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास ने एक बयान में यह जानकारी दी है।

अमेरिकी दूतावास ने बयान में यह भी कहा कि अब दुनियाभर में हर 10 अमेरिकी वीजा आवेदकों में से एक भारतीय होते हैं। अमेरिका में प्रवेश के लिए वीजा चाहने वाले देश के लोगों की संख्या 2022 की तुलना में साल 2023 में 60 फीसदी बढ़ गई है।

बीते वर्ष 1.40 लाख से ज्यादा छात्र वीजा जारी किए गए

बयान के अनुसार भारत में अमेरिकी कांसुलर टीम ने 2023 में रिकॉर्ड 1.4 मिलियन (14 लाख) अमेरिकी वीजा जारी किए हैं। बीते साल भारत में अमेरिकी कांसुलर टीम ने 1,40,000 से ज्यादा छात्र वीजा भी जारी किए। ये दुनिया के किसी अन्य देश की तुलना में सबसे ज्यादा हैं और लगातार तीसरे साल ऐसा हुआ है।

आवेदनों में 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई

अमेरिकी दूतावास ने बताया कि भारत के चार शहरों – मुंबई, नई दिल्ली, हैदराबाद और चेन्नई दुनिया में शीर्ष चार छात्र वीजा प्रोसेसिंग पोस्ट में हैं। 2022 की तुलना में आवेदनों में 60 फीसदी की वृद्धि के साथ सभी वीजा श्रेणियों में मांग अभूतपूर्व थी। विजिटर वीजा के भी 700,000 से अधिक आवेदन आए। अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावासों ने इस मांग को साल की शुरुआत में मुंबई में तीन महीने तक स्टाफ बढ़ाकर, स्थायी कर्मचारियों के स्तर में वृद्धि और नवीन तकनीकी समाधानों के माध्यम से पूरा किया।

प्रतीक्षा अवधि भी एक हजार दिनों से घटकर 250 दिन हुई

वीजा प्रक्रिया में सुधार और स्टाफ बढ़ाने जाने की वजह से देशभर में विजिटर वीजा के लिए नियुक्ति प्रतीक्षा समय भी औसतन 1,000 दिनों से घटाकर 250 दिन कर दिया है। विजिटर वीजा मांगने वालों की संख्या बढ़ी है और अमेरिका में पढ़ने वाले दस लाख से ज्यादा विदेशी छात्रों में भी एक चौथाई से अधिक भारतीय हैं। ऐसे में छात्र वीजा भी बड़े पैमाने पर मांगे गए, लेकिन ‘रोजगार वीजा की मांग सबसे ज्यादा बनी हुई है।

3.8 लाख से अधिक रोजगार वीजा जारी 

अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि हमारे लिए रोजगार वीजा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है, यही वजह है कि 2023 में भारतीयों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए 3,80,000 से अधिक रोजगार वीजा जारी किए गए।

वहीं, मुंबई कांसुलेट जनरल ने महामारी के समय से लंबित 31 हजार आव्रजन वीजा के मामलों का भी निबटारा किया है। वीजा प्रक्रिया की रफ्तार को बढ़ाने के लिए हैदराबाद में 340 मिलियन डॉलर की लागत से एक नया केंद्र पिछले साल मार्च में खोला गया है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code