गुवाहाटी, 3 अक्टूबर। असम के गुवाहाटी स्थित खानापारा इलाके में एक नाइटक्लब में महिला के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने संबंधित क्लब के मैनेजर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। यह घटना खानापारा स्थित ‘द लोकल्स कैफे एंड लाउंज’ में गुरुवार, 1 अक्टूबर की देर रात की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक पीड़िता की पहचान सामने नहीं आई है और उसकी ओर से औपचारिक शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई है।
विवाद के बाद महिला को पार्किंग में लाने का आरोप
सिक्योरिटी गार्ड और मौके पर मौजूद लोगों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला अपने कुछ दोस्तों के साथ क्लब पहुंची थी। क्लब के अंदर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने एक बाउंसर पर बीयर की बोतल से हमला किया। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। आरोप है कि इसके बाद क्लब के कुछ बाउंसरों ने महिला को पकड़ लिया और उसे चौथी मंजिल से नीचे पार्किंग क्षेत्र में ले आए। गार्ड के अनुसार, पार्किंग में महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उसके ऊपरी हिस्से के कपड़े भी जबरन उतार दिए गए। मामले से जुड़े इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
वायरल वीडियो में मारपीट का दावा
घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें एक महिला पार्किंग क्षेत्र में फर्श पर पड़ी दिखाई दे रही है। वीडियो में कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास कई अन्य लोग खड़े दिखाई देते हैं। एक अन्य वीडियो क्लिप में एक व्यक्ति महिला को वहां से उठाकर ले जाने का प्रयास करता नजर आता है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
क्लब मैनेजर हिरासत में, पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई
घटना के बाद संबंधित नाइटक्लब को बंद कर दिया गया है। क्लब प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ईस्ट गुवाहाटी के पुलिस उपायुक्त (DCP) तबु राम पेगू के मुताबिक, पुलिस ने क्लब के मैनेजर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस पीड़िता की पहचान करने और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। DCP ने कहा कि यदि पीड़िता या उसके परिजन शिकायत दर्ज नहीं कराते हैं, तब भी पुलिस उपलब्ध वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर सकती है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


