UP News: नौकरी से हटाए जाने पर बेंच केमिस्टों का हंगामा, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के आवास पहुंचे कर्मचारी

लखनऊ, 14 सितंबर। उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग की प्रयोगशालाओं में आउटसोर्सिंग के जरिए काम कर रहे बेंच केमिस्टों ने नौकरी से हटाए जाने के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। बड़ी संख्या में बेंच केमिस्ट सोमवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पहुंचे और अपनी बहाली की मांग की। प्रदेश के 18 मंडलों में स्थित FSDA प्रयोगशालाओं में कार्यरत बेंच केमिस्ट बैनर और पोस्टर लेकर डिप्टी सीएम के आवास के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें बिना किसी नोटिस या लिखित आदेश के काम से हटा दिया गया।

2022 से आउटसोर्स पर कर रहे थे काम

प्रदर्शन में शामिल बेंच केमिस्ट गोपाल रस्तोगी ने बताया कि वे 1 नवंबर 2022 से आउटसोर्सिंग के जरिए बेंच केमिस्ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक, प्रयोगशालाओं में काम करते हुए उन्होंने बड़ी संख्या में सैंपल प्रोसेस किए हैं और इस दौरान पर्याप्त अनुभव हासिल किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग ने अब 347 नए पद बनाए हैं और इन पदों पर नियुक्तियां होने के बाद पुराने आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाया जा रहा है। गोपाल रस्तोगी ने कहा कि बिना नोटिस नौकरी से हटाया जाना कर्मचारियों के लिए अन्यायपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि यह सरकारी नियमों और औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 के प्रावधानों के विपरीत है।

‘बार-बार गुहार के बाद भी नहीं हुई सुनवाई’

बेंच केमिस्टों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष गुहार लगाई, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी वजह से वे अपनी बात सीधे डिप्टी सीएम के सामने रखने के लिए उनके आवास पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पुराने कर्मचारियों के अनुभव को देखते हुए उन्हें सेवा से बाहर न किया जाए और उनकी सेवाएं जारी रखी जाएं।

कॉरपोरेशन लागू होने से पहले हटाने का आरोप

एक अन्य बेंच केमिस्ट सुशील गौतम ने दावा किया कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने नए कॉरपोरेशन का उद्घाटन किया था और उसके लागू होने से ठीक दो दिन पहले आउटसोर्स कर्मचारियों को हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों की तरह वे भी आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत प्रयोगशालाओं में काम कर रहे थे। उनके मुताबिक, उन्हें बिना किसी नोटिस या लिखित आदेश के सेवा से हटाया गया।

18 मंडलों की प्रयोगशालाओं में बहाली की मांग

प्रदर्शन कर रहे बेंच केमिस्टों ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मांग की है कि उन्हें प्रदेश के सभी 18 मंडलों की FSDA प्रयोगशालाओं में दोबारा नियुक्त किया जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों ने मांग रखी है कि नए बने कॉरपोरेशन के तहत उनकी सेवाओं को जारी रखा जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक प्रयोगशालाओं में काम किया है और उनके अनुभव का लाभ विभाग को मिलना चाहिए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular