लखनऊ, 22 जून। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक बिल्डिंग में सोमवार को लगी भीषण आग से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख व घायलों को 50,000 रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं, केंद्र सरकार ने भी 2-2 लाख मृतक के परिजनों को और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का एलान किया है।

उल्लेखनीय है कि दोपहर में तीन मंजिला इमारत में, जिसमें गेमिंग जोन, सॉफ्टवेयर ऑफिस व कोचिंग संस्थान भी संचालित होता है, भीषण आग लग गई। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर 25 से 30 वर्ष उम्र के छात्र-छात्राएं हैं। सात अन्य घायलों का केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के मेडिकल सुप्रिंटेंडेंट डॉक्टर अमिय अग्रवाल ने 15 बच्चों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने एक समाचार एजेंसी कहा, ‘21 से 22 बच्चे लाए गए हैं। पांच को चोटें हैं, जिन्हें भर्ती किया गया है। दो बच्चों को कूदने के कारण चोटें लगी हैं। उनकी कमर में चोट है। उनका सीटी स्कैन करवा कर इलाज किया जा रहा है। 15 बच्चे मृत अवस्था में लाए गए। इन्हें पंचनामा करने के बाद मोर्चरी भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके साथ ही किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय पहुंचकर घायलों एवं उनके परिजनों से भेंट की और चिकित्सकों से घायलों के उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘मैंने लखनऊ में आग लगने की घटना वाली जगह का मुआयना किया और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी पहुंचकर इस दुखद घटना में घायल लोगों और उनके परिवारों से मिलकर उनका हालचाल जाना। साथ ही डॉक्टरों से घायलों के इलाज के बारे में जानकारी ली। कुशल डॉक्टरों की देखरेख में सभी घायलों का उचित इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।’
लखनऊ में अग्नि दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया एवं किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय पहुंचकर इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में घायल हुए लोगों एवं उनके परिजनों से भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना व चिकित्सकों से घायलों के उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
सभी घायलों का समुचित उपचार… pic.twitter.com/cC9xhFasaV
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 22, 2026
उन्होंने कहा, ‘इस दिल दहला देने वाली घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन परिवारों के दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यूपी सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मैं भगवान श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस घटना में असमय जान गंवाने वालों के परिवारों को 5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।’
यूपी : लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में भीषण आग, 15 लोगों की मौत, कई अन्य घायल
मृतकों और घायलों की सूची
हादसे में मृतकों और घायलों के नाम भी सामने आए हैं। जान गंवाने वाले लोगों में सागर, नीलेश, अनामिका, संयम, अनुच्छा, सुखमनी, आदित्य श्रीवास्तव, ज्योति, भविष्य, अब्दुल रहमान, सूरज, भाहजान, जयनिल चक्रवर्ती, मोहम्मद अम्मार, और सुमल्या शामिल हैं। वहीं, जयंत, लवप्रीत, मोहम्मद आसिफ, भुवन श्रीवास्तव, पंकज, शैलेंद्र, अभिषेक, पंकज जोशी और गौरव कुमार घायल हुए हैं।


