यूपी : लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में भीषण आग, 15 लोगों की मौत, कई अन्य घायल
लखनऊ, 22 जून। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को अपराह्न तीन मंजिला एक वाणिज्यिक भवन में आग लग गई। बिल्डिंग में गेमिंग जोन, सॉफ्टवेयर ऑफिस व कोचिंग संस्थान भी संचालित होता है। बिल्डिंग में आग लगने के बाद कोचिंग में मौजूद छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊपर से छलांग लगाई। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हुई है जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाथरस दौरा रद कर लखनऊ लौटे सीम योगी
अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथरस और अलीगढ़ दौरा रद करके लखनऊ लौट आए हैं। उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर जायर घायलों के बारे में जानकारी ली।
लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। pic.twitter.com/GR7TUpy82E
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 22, 2026
मृतकों के परिजनों के प्रति जताई संवेदना
मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिजनों से संवाद स्थापित कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज करवाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया दुख
इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’
लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) June 22, 2026
पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये देने का एलान किया
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ अग्निकांड पर दुख जताते हुए मुआवजे का एलान किया। उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुई भीषण अग्निकांड में हुई जानमाल की हानि से मैं व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर करे कि जल्द से जल्द घायल स्वस्थ हो जाएं। बचाव अभियान जारी है और अधिकारी हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’
Anguished by the loss of lives in a fire mishap in Lucknow, Uttar Pradesh. My condolences to the bereaved families. May the injured recover at the earliest. Rescue operations are underway and authorities are providing all possible assistance.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from…
— PMO India (@PMOIndia) June 22, 2026
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सहित शीर्ष अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे
अग्निकांड की भयावहता को देखते हुए मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, ACS होम संजय प्रसाद, DGP राजीव कृष्ण, DG फायर सुजीत पांडेय, CP लखनऊ, DM लखनऊ आदि पहुंच गए। सिविल अस्पताल की चार सदस्यीय टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। साथ ही तीन एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गईं।

सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बेड संख्या 23 से 30 तक खाली करा लिए गए हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के मुताबिक 12 से 14 लोगों की मौतों की आशंका है। वह संस्थान में लगी आग की घटना पर बोलते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा, ‘मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखे हैं।’ वहीं लखनऊ केजीएमयू चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमीय अग्रवाल के मुताबिक 15 लोगों की मौत हुई है।
