यूपी : अलकायदा मॉड्यूल से जुड़ा संदिग्ध आजमगढ़ से गिरफ्तार, ‘जिहाद करने के 44 तरीके’ किताब का कर रहा था प्रचार

आजमगढ़, 12 सितम्बर। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (UP ATS) ने शनिवार को आजमगढ़ से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहम्मद नबील (19) पुत्र मोहम्मद दानिश, निवासी चितारा महमूदपुर, थाना दीदारगंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है। मो. नबील को प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा से कथित तौर पर जुड़े होने के शक में पकड़ा गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समूह बनाकर युवाओं को जोड़ रहा था मो. नबील

ATS के अनुसार आरोपित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर समूह बनाकर युवाओं को जोड़ रहा था और उन्हें कथित तौर पर आतंकी विचारधारा से प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था। नबील के मोबाइल फोन की जांच के दौरान AQIS की विचारधारा से संबंधित प्रचार सामग्री और अरबी नाम वाले एक WhatsApp समूह के बारे में जानकारी मिलने का दावा किया गया है। इस समूह में शामिल सदस्यों को कथित तौर पर ‘मुजाहिद’ कहकर संबोधित किया जाता था।

कई WhatsApp समूहों से जुड़ा था आरोपित

जांच एजेंसी के अनुसार, मोहम्मद नबील ‘Flames of War’ समेत कई अन्य WhatsApp समूहों से जुड़ा हुआ था. इन समूहों में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब सहित विभिन्न देशों के लोगों के जुड़े होने की बात सामने आई है। एटीएस का दावा है कि इन समूहों में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा की विचारधारा का प्रचार किया जा रहा था।

आतंकी साहित्य साझा करने का भी आरोप

जांच में कथित तौर पर यह बात भी सामने आई कि आरोपित युवाओं को अपने साथ जोड़कर उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने और इसके लिए धन जुटाने की योजना पर काम कर रहा था। आरोपी ने ह्वाट्सएप समूह में अल कायदा से जुड़े आतंकी अनवर उल अवलाकी की किताब ‘जेहाद करने के 44 तरीके’ साझा की थी।

कूट शब्दों का करते थे इस्तेमाल

इसके अलावा AQIS के पूर्व प्रमुख मौलाना आसिम उमर से जुड़ी ‘तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल’ नामक किताब भी समूह में साझा किए जाने की बात जांच में सामने आई है। एजेंसी का कहना है कि समूह के सदस्यों को इन सामग्रियों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता था। बातचीत में कथित तौर पर जिहाद, चाकू, केमिकल और योजना जैसी बातों के लिए अलग-अलग कूट शब्दों के इस्तेमाल की जानकारी भी मिली है।

‘गजवा-ए-हिन्द’ की योजना पर कर रहा था बातचीत

यूपी ATS के अनुसार, आरोपित और उसके साथियों के बीच पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर प्रशिक्षण लेने की योजना को लेकर बातचीत भी मिली है। जांच एजेंसी का दावा है कि बम बनाने से संबंधित सामग्री और वीडियो के साथ पोटैशियम नाइट्रेट हासिल करने को लेकर भी बातचीत हुई थी। आरोपित अपने साथियों के साथ पाकिस्तान के सहयोग से भारत में कथित तौर पर ‘गजवा-ए-हिन्द’ की योजना को लेकर भी बातचीत कर रहा था।

देश विरोधी गतिविधियों की सूचना पर शुरू हुई जांच

ATS को सूचना मिली थी कि मोहम्मद नबील सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अन्य लोगों के साथ मिलकर देश विरोधी गतिविधियों की साजिश कर रहा है। सूचना के सत्यापन के दौरान एजेंसी को AQIS की विचारधारा के प्रचार-प्रसार और युवाओं को अपने साथ जोड़ने से संबंधित तथ्य मिलने का दावा किया गया. इसके बाद एटीएस थाना लखनऊ में मुकदमा संख्या 14/2026 दर्ज किया गया। मामले में UAPA की धारा 18 और 38 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular