1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. एशियाई पैरा खेल – शटलरों की अगुआई में भारत ने जीते 7 स्वर्ण, शतक से अब सिर्फ एक पदक दूर
एशियाई पैरा खेल – शटलरों की अगुआई में भारत ने जीते 7 स्वर्ण, शतक से अब सिर्फ एक पदक दूर

एशियाई पैरा खेल – शटलरों की अगुआई में भारत ने जीते 7 स्वर्ण, शतक से अब सिर्फ एक पदक दूर

0
Social Share

हांगझू, 27 अक्टूबर। भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने यहां चतुर्थ एशियाई पैरा खेलों के छठे दिन शुक्रवार को भी अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखा और शटलरों की अगुआई में सात स्वर्ण, छह रजत व चार कांस्य सहित कुल 17 पदक जीते।

99 पदकों के साथ भारत तालिका में छठे स्थान पर

भारतीय दल पदकों का शतक पूरा करने से अब सिर्फ एक कदम दूर है जबकि शनिवार को पदक के लिए कुछ अन्य स्पर्धाओं के साथ खेलों का समापन होना है। भारत के खाते में अब तक 25 स्वर्ण, 29 रजत व 45 कांस्य सहित 99 पदक आ चुके हैं और वह पदक तालिका में छठे स्थान पर है। मेजबान चीन कुल 493 पदकों (196 स्वर्ण, 159 रजत, 138 कांस्य) के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। जापान, ईरान, कोरिया और इंडोनेशिया क्रमशः दूसरे से पांचवें स्थान पर हैं।

शटलरों ने 4 स्वर्ण व 4 रजत सहित कुल 14 पदक जीते

फिलहाल भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने दिन में सर्वाधिक वाहवाही लूटी और चार स्वर्ण, चार रजत व छह कांस्य सहित कुल 14 पदक जीते।

आईएएस अधिकारी सुहास एल यतिराज ने बैडमिंटन में देश को दिन का पहला स्वर्ण दिलाया। उन्होंने पुरुष एकल एसएल4 स्पर्धा के फाइनल में मोहम्मद अमीन बिन बुरहानुद्दीन को 2-1 से शिकस्त दी। सुहास का मौजूदा खेलों में यह तीसरा स्वर्ण पदक था। इस स्पर्धा में कांस्य सुकांत कदम ने पाया।

प्रमोद भगत ने पुरुषों की एसएल3 एकल स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में हमवतन नीतेश कुमार को हराया। लेकिन नीतेश कुमार ने तरुण के साथ मिलकर युगल की एसएल3/एसएल4 स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने इंडोनेशियाई जोड़ी को शिकस्त दी।

इसके पूर्व कृष्णा नागर ने दिन की पहली स्पर्धा यानी पुरुष एकल एसएच6 में रजत पदक जीता था। पुरुष युगल के एसयू5 में चिराग बरेठा और राजकुमार को फाइनल में हार के चलते रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

वहीं महिलाओं की एसयू5 एकल का स्वर्ण तुलसीमाथी मुरुगेशन ने जीता। इस स्पर्धा में मनीषा रामदास ने कांस्य पदक पाया। तुलसीमाथी और गिरीशचंद्र मानसी जोशी ने महिला युगल एसएल3/एसयू5 स्पर्धा में रजत भी जीता।

बैडमिंटन से हटकर अन्य स्पर्धाओं की बात करें तो शीतल देवी ने महिलाओं की कंपाउंड ओपन स्पर्धा में बाजी मारी। यह दिन में भारतीय दल का पहला स्वर्ण पदक था। शीतल देवी ने गुरुवार को राकेश कुमार के साथ मिलकर मिश्रित टीम कंपाउंड तीरंदाजी का स्वर्ण जीता था। उधर राकेश कुमार ने बाद में पुरुष व्यक्तिगत कंपाउंड वर्ग में रजत जीता।

उधर ट्रैक एंड फील्ड मुकाबलों में रमन शर्मा ने पुरुषों की 1500 मीटर टी38 दौड़ में बाजी मारी। उन्होंने 4 मिनट 20.80 सेकेंड का प्रभावशाली समय निकाला और एशियाई पैरा खेलों व एशियाई रिकॉर्ड तोड़ दिया।

धरमराज सोलाइराज ने पुरुषों की लंबी कूद टी64 स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 6.80 मीटर की छलांग से एशियाई रिकॉर्ड व पैरा गेम्स रिकॉर्ड बनाया।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code