आईपीएल 2021 : कोरोना पीड़ित नटराजन की जगह उमरान मलिक सनराइजर्स हैदराबाद में शामिल

दुबई, 24 सितम्बर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की एक फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ने जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक को वैकल्पिक तौर पर टीम में शामिल करने का फैसला किया है। 21 वर्षीय उमरान ने कोविड-19 से पीड़ित टीम के नियमित तेज गेंदबाज टी. नटराजन की जगह अस्थायी रूप से ली है। हालांकि वह पहले से ही नेट गेंदबाज के रूप में एसआरएच टीम के हिस्सा हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच से पहले पॉजिटिव पाए गए थे नटराजन

गौरतलब है कि वामहस्त तेज गेंदबाज नटराजन को बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच से पहले कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाया गया था। उन्हें फिलहाल 10 दिनों के लिए पृथकवास में रखा गया है और बायो-बबल में वापस आने से पहले उन्हें जांच में दो बार नेगेटिव आना होगा। इस 30 वर्षीय गेंदबाज ने 24 आईपीएल मैचों में अब तक 20 विकेट लिए हैं।

उमरान ने जम्मू-कश्मीर के लिए खेला है सिर्फ एक टी20 मैच

आईपीएल की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया है कि सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने आईपीएल 2021 अभियान के लिए टी. नटराजन की जगह अल्पकालिक अवधि के लिए कोविड-19 विकल्प के रूप में मध्यम गति के तेज गेंदबाज उमरान मलिक को टीम में शामिल किया है। दिलचस्प तो यह है कि मलिक ने अब तक जम्मू-कश्मीर के लिए सिर्फ एक टी20 और एक लिस्ट ए मैच खेला है। इन दो मैचों में उन्होंने चार विकेट लिए हैं।

नटराजन के ठीक होने तक मलिक रहेंगे टीम का हिस्सा

आईपीएल की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अनुच्छेद 6.1 (सी) के तहत मूल टीम के सदस्य को टीम के जैव-सुरक्षित वातावरण (बायो-बबल) में फिर से प्रवेश करने की मंजूरी मिलने तक फ्रेंचाइजी को एक अल्पकालिक वैकल्पिक खिलाड़ी के साथ करार करने की अनुमति है। इसके अनुसार मलिक तब तक टीम का हिस्सा रहेंगे, जब तक नटराजन ठीक नहीं हो जाते और उन्हें टीम में शामिल होने की अनुमति नहीं मिल जाती। एसआरएच का अगला मैच शारजाह में शनिवार को पंजाब किंग्स के साथ खेला जाना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular