1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. त्रिपुरा में नेतृत्व परिवर्तन : सीएम बिप्लब कुमार देब ने दिया इस्तीफा, डॉ. माणिक साहा होंगे नए मुख्यमंत्री
त्रिपुरा में नेतृत्व परिवर्तन : सीएम बिप्लब कुमार देब ने दिया इस्तीफा, डॉ. माणिक साहा होंगे नए मुख्यमंत्री

त्रिपुरा में नेतृत्व परिवर्तन : सीएम बिप्लब कुमार देब ने दिया इस्तीफा, डॉ. माणिक साहा होंगे नए मुख्यमंत्री

0
Social Share

अगरतला, 14 मई। भारतीय जनता पार्टी ने त्रिपुरा में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक सोची समझी रणनीति के तहत नेतृत्व परिवर्तन कर दिया है। इस कड़ी में डॉ. माणिक साहा राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। वह बिप्लब कुमार देब की जगह लेंगे, जिन्होंने शनिवार को ही दिन में अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने साहा को दी बधाई

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘विधायकों ने माणिक साहा को विधायक दल का नेता चुन लिया है। साहा को त्रिपुरा भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की बहुत-बहुत बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में त्रिपुरा विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।’

भाजपा ने 2018 में प्रचंड बहुमत के बीच वाम मोर्चा से छीनी थी 25 वर्ष पुरानी सत्ता

उल्लेखनीय है कि त्रिपुरा में वाम मोर्चे की 25 वर्ष पुरानी सरकार को हराकर भाजपा ने वर्ष 2018 में प्रचंड जीत दर्ज की थी, जिसके बाद बिप्लब देब को मुख्यमंत्री बनाया गया था। हाल फिलहाल कयास लगाए जा रहे थे कि त्रिपुरा की भाजपा इकाई में आपसी खींचतान चल रही है।

बिप्लब ने राज्यपाल से मिलकर दिया इस्तीफा

इसी कड़ी में बिप्लब देव केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से चर्चा के लिए गुरुवार को नई दिल्ली गए थे। राष्ट्रीय राजधानी से लौटने के बाद देब ने आज राज्यपाल एसएन आर्या से मुलाकात की और उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया।

विधायक दल की बैठक में माणिक साहा चुने गए नेता

मुख्यमंत्री देब के इस्तीफे के बाद त्रिपुरा में नए नेता के चयन के लिए भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर भूपेंद्र यादव और वरिष्ठ नेता व पार्टी महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में माणिक साहा को नया नेता चुना गया। भाजपा सांसद व त्रिपुरा के प्रभारी विनोद सोनकर भी इस बैठक में मौजूद रहे।

माणिक साहा को विधायक दल का नेता चुने जाने पर देब ने ट्वीट किया, ‘डॉ. माणिक साहा जी को विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन और नेतृत्व में त्रिपुरा समृद्ध होगा।’

देब बोले – मुझे जो जिम्मेदारी दी गई, उसके साथ मैंने न्याय किया

देब ने कहा, ‘पार्टी सबसे ऊपर है। मैं भाजपा का निष्ठावान कार्यकर्ता हूं। मुझे उम्मीद है कि जो जिम्मेदारी दी गई, उसके साथ मैंने न्याय किया। फिर चाहे राज्य भाजपा इकाई के अध्यक्ष का पद हो या त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी। मैंने त्रिपुरा के संपूर्ण विकास के लिए कार्य किया और सुनिश्चित किया कि राज्य के लोगों के लिए शांति हो।’

उन्होंने कहा, ‘वर्ष 2023 में चुनाव आ रहा है और पार्टी चाहती है कि जिम्मेदार संयोजक यहां प्रभार संभाले। सरकार तभी बन सकती है जब संगठन मजबूत हो। चुनाव के बाद कोई निश्चय ही मुख्यमंत्री बनेगा। पार्टी चाहती है कि मैं संगठन को मजबूत करूं।’

दांतों के डॉक्टर साहा ने पिछले माह राज्यसभा का चुनाव जीता था

पेशे से दांतों के डॉक्टर रहे साहा की बात करें तो उनकी गिनती भाजपा के बड़े नेताओं में की जाती है। वर्तमान में वह प्रदेश अध्यक्ष हैं। पिछले महीने ही वह राज्यसभा का चुनाव जीतकर ऊपरी सदन के सदस्य बने हैं।

देब को दी जा सकती है प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

वहीं डॉ. माणिक को राज्य का मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद बिप्लब देब को फिर से राज्य का भाजपा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संगठन में अच्छी पकड़ को देखते हुए केंद्रीय आलाकमान उन्हें फिर से यह जिम्मेदारी दे सकता है। 2018 के विधानसभा चुनाव के समय भी देब प्रदेश अध्यक्ष थे और उनके नेतृत्व में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की थी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code