महाराष्ट्र : फडणवीस सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार पूरा, 39 मंत्रियों में पंकजा मुंडे व उनके भाई धनंजय भी शामिल

नागपुर, 15 दिसम्बर। महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस की अगुआई में गठित महायुति सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार रविवार को पूरा हो गया। नागपुर विधानभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने महायुति के घटक दलों – भाजपा, शिवसेना व एनसीपी के कुल 39 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इससे पहले 1991 में भी नागपुर में मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया था।

उल्लेखनीय है कि 23 नवम्बर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद सीएम पद को लेकर शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे की ओर से काफी दांवपेच चला गया था। लेकिन काफी मंथन के बाद अंततः पांच दिसम्बर को देवेंद्र फडणवीस ने सीएम पद की शपथ ली थी और उनके साथ शिंदे और अजित पवार डिप्टी सीएम बने थे। उसके 10 दिन बाद आज कैबिनेट विस्तार पूरा हुआ।

फडणवीस कैबिनेट में कुल मंत्रियों की संख्‍या 42 हुई

फडणवीस कैबिनेट में आज जिन 39 मंत्रियों ने शपथ ली है, उनमें सर्वाधिक 19 भाजपा के हैं जबकि शिवसेना के 11 और एनसीपी के 9 विधायक शामिल हैं। इन मंत्रियों में 33 कैबिनेट और छह राज्यमंत्री हैं। कैबिनेट में भाजपा के दिग्‍गज नेता दिवंगत गोपीनाथ मुंडे की बेटी पंकजा मुंडे सहित चार महिलाएं और एक मुस्लिम प्रतिनिधित्व है। सभी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा आज ही रात तक होना है। अब फडणवीस कैबिनेट में कुल मंत्रियों की संख्‍या 42 हो गई है। इनमें मुख्‍यमंत्री और दो डिप्टी सीएम भी शामिल हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले भी कैबिनेट मंत्री

राज्यपाल राधाकृष्णन ने जिन विधायकों को शपथ दिलाई, उनमें सबसे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने मंत्री पद की शपथ ली। छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज शिवेंद्रराजे भोंसले को भी नए मंत्रिमंडल में जगह दी गई है जबकि कैबिनेट के एकमात्र मुस्लिम चेहरा एनसीपी नेता हसन मुश्रीफ हैं। महिला मंत्रियों में भाजपा से तीन व एनसीपी से अदिति तटकरें शामिल हैं। पूर्व में भी मंत्री रह चुकीं पंकजा मुंडे के भाई धनंजय मुंडे भी कैबिनेट मंत्री बने हैं।

इन 39 मंत्रियों ने ली शपथ

  1. चंद्रशेखर बावनकुले (भाजपा, कैबिनेट मंत्री)
  2. राधाकृष्णविखे पाटिल (भाजपा)
  3. हसन मुश्रीफ (एनसीपी)
  4. चंद्रकात पाटिल (भाजपा)
  5. गिरीश महाजन (भाजपा)
  6. गुलाब राव पाटिल (शिवसेना)
  7. गणेश नाईक (भाजपा)
  8. दादा भुसे (शिवसेना)
  9. संजय राठौर (शिवसेना)
  10. धनंजय मुंडे (एनसीपी)
  11. मंगल प्रताप लोढ़ा (भाजपा)
  12. उदय सावंत (शिवसेना)
  13. जय कुमार रावल (भाजपा))
  14. पंकजा मुंडे (भाजपा)
  15. अतुल सावे (भाजपा)
  16. अशोक उइके (भाजपा)
  17. शंभूराज देसाई (शिवसेना)
  18. आशीष शेलार (भाजपा)
  19. दत्तात्रय भरणे (एनसीपी)
  20. अदिति तटकरे (एनसीपी)
  21. शिवेंद्र राजे भोसले (भाजपा)
  22. मानिकराव कोकाटे (एनसीपी)
  23. जय कुमार गोर (भाजपा)
  24. नरहरि झिरवाल (एनसीपी)
  25. संजय सावकारे (भाजपा)
  26. संजय शिरसाट (शिवसेना)
  27. प्रताप सरनाईक (शिवसेना)
  28. भरत गोगवाले (शिवसेना)
  29. मकरंद पाटिल (एनसीपी)
  30. नितेश राणे (भाजपा)
  31. आकाश पुंडकर (भाजपा)
  32. बाला साहेब पाटिल (एनसीपी)
  33. प्रकाश आबिटकर (शिवसेना)
  34. माधुरी मिसाल (भाजपा, राज्यमंत्री)
  35. आशीष जायसवाल (शिवसेना, राज्यमंत्री)
  36. पंकज भोयर (भाजपा, राज्यमंत्री)
  37. मेघना बोर्डिंकर (भाजपा, राज्यमंत्री)
  38. इंद्रनील नाइक (एनसीपी, राज्यमंत्री)
  39. योगेश कदम (शिवसेना, राज्यमंत्री)
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular