यूरोप के कई देशों में बढ़ा तनाव : फ्रांस में हिंसक प्रदर्शन जारी, इटली और स्पेन में भी सुरक्षा बलों से भिड़े प्रदर्शनकारी

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर। महंगाई सहित अन्य परेशानियों को लेकर फ्रांस में शुरू हुए हिंसक प्रदर्शन का दायरा अब इटली, स्‍पेन और अल्‍बान‍िया सहित यूरोप के अन्य कई देशों में फैलता जा रहा है। आम जनता मकान की बढ़ती कीमतों और महंगे जीवन यापन के खर्चों को लेकर सड़कों पर उतर रही है।

फ्रांस में शनिवार को 4,10,000 लोग सड़कों पर उतर आए

फ्रांस में बढ़ती महंगाई और स्कूलों की खराब होती स्थिति के खिलाफ शन‍िवार शाम लोग ह‍िंसक हो गए। स्पेन के बार्सिलोना शहर में भी प्रदर्शनकारियों ने लूटपाट कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।‍ समाचार एजेंसी श‍िन्‍हुआ की र‍िपोर्ट के अनुसार फ्रांस में शनिवार को 4,10,000 लोग सड़कों पर उतर आए। इस दौरान 70 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। लगभग एक हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इटली में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव

इटली के मिलान में सैकड़ों सैनिकों को तैनात किया गया। बोलोना में कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ। उधर मैड्रिड में हजारों सेवानिवृत्त लोगों और अन्य प्रदर्शनकारियों ने मार्च निकाला और सम्मानजनक पेंशन की मांग की। वहीं, अल्बानिया में प्रदर्शनकारियों ने कृषि मंत्रालय के प्रवेश द्वार पर आग लगा दी।

तुर्किए टुडे की र‍िपोर्ट के अनुसार, फ्रांस में बढ़ती महंगाई और स्कूलों की खराब होती स्थिति के खिलाफ शनिवार को हुए ज्यादातर शांतिपूर्ण प्रदर्शनों ने रात होते-होते कई शहरों में हिंसक रूप ले लिया। राजधानी पेरिस समेत कई जगहों पर झड़पें हुईं और पुलिस ने करीब 1,000 लोगों को गिरफ्तार किया। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने बताया कि सभी जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, इसके बावजूद कई जगह हालात बिगड़ गए।

पेरिस में मुख्य मार्च के खत्म होने के बाद करीब 500 नकाबपोश युवाओं और पुलिस के बीच टकराव हुआ। हालात काबू में करने के लिए दंगा-रोधी पुलिस ने आंसू गैस और पानी की बौछारों (वॉटर कैनन) का इस्तेमाल किया। यह सब ऐसे समय हुआ है, जब पिछले सप्ताह भी देशभर में दंगे और लूटपाट की घटनाएं हुई थीं।

पूरे फ्रांस में 289 जगहों पर प्रदर्शन

गृह मंत्रालय के अनुसार पूरे देश में 289 जगहों पर प्रदर्शन हुए। गृह मंत्री नुनेज ने कहा कि गिरफ्तार लोगों की संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि अभी सभी आंकड़े पूरी तरह सामने नहीं आए हैं। उन्होंने बताया कि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

बार्सिलोना में प्रदर्शनकारियों ने दुकानों में लूटपाट की

सीबीएस न्‍यूज के मुताब‍िक, बार्सिलोना शहर में हुए एक सरकार-विरोधी प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने दुकानों में लूटपाट की और शहर के केंद्रीय इलाके प्लाजा दे कातालुन्या के आसपास सड़क पर सार्वजनिक संपत्ति में आग लगा दी। यह विरोध प्रदर्शन लोगों की उन समस्याओं और चिंताओं को दिखाता है, जो बढ़ती महंगाई और आवास से जुड़ी मुश्किलों के कारण सामने आ रही हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular