1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. टी20 सीरीज : टीम इंडिया का दयनीय प्रदर्शन जारी, लगातार तीसरी जीत से इंग्लैंड ने ली निर्णायक बढ़त
टी20 सीरीज : टीम इंडिया का दयनीय प्रदर्शन जारी, लगातार तीसरी जीत से इंग्लैंड ने ली निर्णायक बढ़त

टी20 सीरीज : टीम इंडिया का दयनीय प्रदर्शन जारी, लगातार तीसरी जीत से इंग्लैंड ने ली निर्णायक बढ़त

0
Social Share

ब्रिस्टल, 10 जुलाई। तमाम प्रयोगों व फेरबदल के बावजूद भारतीय बल्लेबाजों का दयनीय प्रदर्शन आयरलैंड के बाद अब इंग्लैंड की धरती पर भी जारी है। इस क्रम में गुरुवार को यहां काउंटी ग्राउंड पर चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भी टीम इंडिया को 37 गेंदों के शेष रहते नौ विकेट की करारी पराजय झेलनी पड़ी और इंग्लैंड ने लगातार तीसरी जीत से पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली।

इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ अपनी पहली मल्टी-मैच बाइलेटरल T20I सीरीज जीती

दिलचस्प तथ्य यह है कि इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ अपनी पहली मल्टी-मैच बाइलेटरल T20I सीरीज जीती है। चेस्टर-ली-स्ट्रीट में खेला गया पहला मैच बीच में ही बारिश से धुल गया था। उसके बाद मैनचेस्टर में इंग्लैंड ने दूसरा मैच चार विकेट से जीता जबकि नॉटिंघम में भारत को अपने टी20I इतिहास की सबसे बड़ी पराजय (125 रन) झेलनी पड़ी थी।

पिछले दो बार के विश्व विजेताओं की लगातार पांचवीं हार

स्मरण रहे कि लगातार 16 टी20 सीरीज/टूर्नामेंट में अपराजेय रहने वाले लगातार दो बार के मौजूदा विश्व टी20 चैम्पियन भारत को पिछले पखवारे आयरलैंड के खिलाफ न सिर्फ पहली बार कोई मैच गंवाना पड़ा था वरन उसने टी20 सीरीज भी 0-2 गंवा दी थी। इस प्रकार देखा जाए तो आज उसे लगातार पांचवीं पराजय झेलनी पड़ी।

श्रेयस के आक्रामक पचासे के बावजूद भारत 7-158 रनों तक पहुंच सका

मैच की बात करें तो श्रेयस अय्यर ने लगातार चौथे मैच में टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यही नहीं वरन श्रेयस ने आक्रामक अर्धतकीय पारी (नाबाद 80 रन, 48 गेंद, पांच छक्के, चार चौके) भी खेली। लेकिन शिवम दुबे (22 रन, 23 गेंद, दो चौके) संग उनकी 43 गेंदों पर 53 रनों की भागीदारी छोड़ दें तो अन्य बल्लेबाज दम नहीं दिखा सके और ट्रेंट ब्रिज ग्राउंड पर आपस में सात विकेट बांट चुके जोफ्रा आर्चर (2-20) व जोश टंग (2-36) के सामने मेहमान 20 ओवरों मे सात विकेट पर 158 रनों तक पहुंच सके।

साल्ट व हैरी के बीच 146 रनों की अटूट भागीदारी से अंग्रेजों की एकतरफा जीत

जवाबी काररवाई के दौरान हालांकि तीसरे ओवर की शुरुआत में ही जोस बटलर (आठ रन, आठ गेंद, एक छक्का) अर्शदीप सिंह के शिकार हो गए, जो अपना 100वां मैच खेलने उतरे थे।लेकिन इसके बाद फिल सॉल्ट (नाबाद 59 रन 42 गेंद, एक छक्का, नौ चौके) व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ हैरी ब्रुक (नाबाद 79 रन, 35 गेंद, चार छक्के, आठ चौके) ने अन्य कोई क्षति नहीं होने दी। इन दोनों ने न सिर्फ ताबड़तोड़ अर्धशतकीय प्रहार किए वरन उनके बीच सिर्फ 70 गेंदों पर 146 रनों की अटूट साझेदारी से मेजबानों ने 13.5 ओवरों में एक विकेट पर ही 159 रन बनाकर धाकड़ जीत हासिल कर ली।

वैभव लगातार तीसरे मैच में अपनी पारी को विस्तार देने में असफल

इसके पूर्व भारतीय पारी देखें तो टीम प्रबंधन पर पड़ रहे भयानक दबाव के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका पाने वाले 15 वर्षीय किशोरवय सनसनी वैभव सूर्यवंशी (15 रन, 10 गेंद, एक छक्का, एक चौका) लगातार तीसरे मैच में शुरुआती धमाके के बावजूद अपनी पारी को विस्तार नहीं दे सके। उनके अलावा साथी ओपनर अभिषेक शर्मा (16 रन, 14 गेंद, दो चौके) व ईशान किशन (चार रन) भी जल्द लौट गए (3-48)।

स्कोर कार्ड

इसके बाद श्रेयस व शिवम दुबे के बीच अर्धशतकीय भागीदारी से उम्मीद जगी। लेकिन 14वें ओवर में दुबे को फिल जैक्स ने लौटाया तो फिर तिलक वर्मा (11 रन, आठ गेंद, एक छक्का) व वॉशिंगटन सुंदर (पांच रन) के छिटपुट सहयोग से श्रेयस टीम को 158 रनों तक पहुंचा सके, जो बाद में नाकाफी साबित हुआ।

11 जुलाई को अंतिम मैच, भारत की नंबर एक टी20 रैंकिंग दांव पर 

अब 11 जुलाई को साउथैम्पटन में पांचवां व अंतिम मुकाबला खेला जाएगा। यदि वह मैच भी भारत हारा तो वह इंग्लैंड के हाथों ICC की नंबर एक रैंकिंग भी गंवा बैठेगा। टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमें तीन मैचों की एक दिनी अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलेंगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code