1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. न्यूजीलैंड पहुंचे पीएम मोदी, PM क्रिस्टोफर लक्सन ने गले लगाकर किया स्वागत, भारतीय समुदाय में उत्साह
न्यूजीलैंड पहुंचे पीएम मोदी, PM क्रिस्टोफर लक्सन ने गले लगाकर किया स्वागत, भारतीय समुदाय में उत्साह

न्यूजीलैंड पहुंचे पीएम मोदी, PM क्रिस्टोफर लक्सन ने गले लगाकर किया स्वागत, भारतीय समुदाय में उत्साह

0
Social Share

ऑकलैंड, 10 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के विदेश दौरे के अंतिम चरण में शुक्रवार को न्यूजीलैंड पहुंच गए। ऑकलैंड एयरपोर्ट पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने गर्मजोशी से उनका स्वागत करते हुए गले लगाया। इस दौरान न्यूजीलैंड में भारत की उच्चायुक्त मुआनपुई सैयावी सहित दोनों देशों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री लक्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्वागत का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, न्यूजीलैंड में आपका स्वागत है।” वहीं, पीएम मोदी ने भी गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए लक्सन का आभार व्यक्त किया।

‘ऐतिहासिक है यह दौरा’

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि ऑकलैंड पहुंचने पर मिले आत्मीय स्वागत के लिए वह प्रधानमंत्री लक्सन के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि यह दौरा ऐतिहासिक है क्योंकि करीब 40 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री लक्सन के साथ होने वाली वार्ता से भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।

भारतीय समुदाय ने किया सांस्कृतिक स्वागत

ऑकलैंड में भारतीय समुदाय ने पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले कलाकारों ने कहा कि 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर वे बेहद उत्साहित हैं। एक प्रतिभागी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति देना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। वहीं, एक अन्य कलाकार ने इसे जीवन में एक बार मिलने वाला अवसर बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत को प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष प्रस्तुत करना उनके लिए यादगार पल है।

आज करेंगे भारतीय समुदाय को संबोधित

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को ऑकलैंड में आयोजित भारतीय समुदाय के एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। साथ ही, उनकी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी होगी, जिसमें व्यापार, निवेश, शिक्षा, रक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code