1. Home
  2. कारोबार
  3. घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन हरियाली, उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स 77500 के पार, निफ्टी 244 अंक मजबूत
घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन हरियाली, उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स 77500 के पार, निफ्टी 244 अंक मजबूत

घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन हरियाली, उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स 77500 के पार, निफ्टी 244 अंक मजबूत

0
Social Share

मुंबई, 10 जुलाई। कच्चे तेल के अंतरराष्ट्रीय कीमतों में नरमी के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक सरीखी प्रमुख कम्पनियों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन हरियाली दिखी और कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को लगातार उतार चढ़ाव के बीच दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स ने 828 अंकों की मजबूती से जहां 77,500 का स्तर पार किया वहीं एनएसई निफ्टी 244 अंकों के लाभ से 24,000 के ऊपर चला गया।

TCS के बेहतर तिमाही नतीजों से भी बाजार की धारणा मजबूत

आर्थिक विश्लेषकों के अनुसार टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के जून तिमाही के बेहतर नतीजों के बाद सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में आई तेजी से भी बाजार की धारणा मजबूत हुई। दिलचस्प तो यह है कि टीसीएस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक के. कृतिवासन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारण नौकरियों में कटौती के डर को भी पूरी तरह खारिज कर दिया।

सेंसेक्स 827.57 अंक उछलकर 77,569.39 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 827.57 अंक यानी 1.08 प्रतिशत उछलकर 77,569.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 900.41 अंक यानी 1.17 प्रतिशत चढ़कर 77,642.23 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 25 के स्टॉक हरे निशान पर रहे और पांच में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 244.10 अंकों की बढ़त से 24,206.90 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 244.10 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,206.90 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक ने एक समय 265.65 अंक यानी 1.10 फीसदी की बढ़त के साथ 24,228.45 का दिन का उच्चतम स्तर देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 40 के शेयर मजबूत हुए तो 10 में कमजोरी रही। व्यापक बाजार पर गौर करें तो निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 1.40 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.55 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे ज्यादा 2.28% लाभ में रहे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे ज्यादा 2.28 फीसदी लाभ में रहे। टेक महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील और इन्फोसिस के शेयर भी प्रमुख रूप से बढ़त के साथ बंद हुए। देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा कम्पनी टीसीएस का शेयर करीब एक प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। दूसरी तरफ, इटर्नल (जोमैटो और ब्लिंकिट का संचालन करने वाली), भारती एयरटेल, सन फार्मा और ट्रेंट के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

एफआईआई ने 532.86 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 532.86 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.30 प्रतिशत गिरकर 76.07 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code