टीम इंडिया को मिला नया कप्तान : शुभमन गिल की अगुआई में इंग्लैंड दौरे के लिए 18 सदस्यीय टीम घोषित, ऋषभ पंत होंगे उप कप्तान

मुंबई, 24 मई। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के निमित्त अगले माह प्रस्तावित इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आज भारतीय टीम की घोषणा कर दी और उम्मीदों के अनुरूप शुभमन गिल के रूप में टीम इंडिया को नया कप्तान भी मिल गया। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को 18 सदस्यीय टीम का उप-कप्तान बनाया गया है।

साई सुदर्शन व अर्शदीप नए चेहरे, करुण नायर व शार्दुल की वापसी

आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन कर रहे साई सुदर्शन और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को पहली बार टेस्ट टीम जगह मिली है जबकि करुण नायर की अरसे बाद वापसी हुई है। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर की भी टेस्ट टीम में वापसी हुई है। लेकिन तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को फिटनेस संबंधी वजहों के चलते टीम में जगह नहीं मिली है और श्रेयस अय्यर और सरफराज खान भी स्थान नहीं बना सके।

मो. शमी, श्रेयस व सरफराज स्थान नहीं बना सके

सीनियर चयन समिति की बैठक यहां BCCI के मुख्यालय में हुई। बैठक में बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया और अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति के सदस्य शामिल हुए। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजीत अगरकर ने भारतीय टीम का ऐलान किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिव सुंदर दास भी उपस्थित थे।

इंग्लैंड में भारत का टेस्ट रिकॉर्ड उतना अच्छा नहीं

वैसे देखा जाए तो इंग्लैंड की धरती पर भारतीय टीम का टेस्ट रिकॉर्ड अपेक्षाकृत बेहतर नहीं रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ उसके घर में भारत ने अब तक (1932-2022) 67 टेस्ट मैच खेले है और उसे सिर्फ नौ टेस्ट में जीत मिली है जबकि 36 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। 22 टेस्ट ड्रॉ भी रहे। एमएस धोनी (2011-2014) का कप्तान के तौर पर इंग्लैंड की धरती पर सबसे खराब रिकॉर्ड रहा। उनकी कप्तानी में इंग्लिश धरती पर भारत को नौ टेस्ट मैचों में से सिर्फ एक में जीत मिली, जबकि सात में हार का सामना करना पड़ा। एक मैच ड्रॉ छूटा।

इंग्लैंड दौरे के लिए 18 सदस्यीय भारतीय टीम : शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (उप-कप्तान/विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), अभिमन्यु ईश्वरन, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, करुण नायर, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह व कुलदीप यादव।

भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल

पहला टेस्ट : 20-24 जून (हेडिंग्ली, लीड्स)

दूसरा टेस्ट : 2-6 जुलाई (एजबेस्टन, बर्मिंघम)।

तीसरा टेस्ट : 10-14 जुलाई (लॉर्ड्स, लंदन)।

चौथा टेस्ट : 23-27 जुलाई (ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर)।

पांचवां टेस्ट : 31 जुलाई-4 अगस्त (द ओवल, लंदन)।

RELATED ARTICLES

Most Popular