1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. विश्व पैरा एथलेटिक्स : सुमित अंतिल ने बचाया खिताब, थंगावेलु मरियप्पन व एकता भयान ने भी लहराया तिरंगा
विश्व पैरा एथलेटिक्स : सुमित अंतिल ने बचाया खिताब, थंगावेलु मरियप्पन व एकता भयान ने भी लहराया तिरंगा

विश्व पैरा एथलेटिक्स : सुमित अंतिल ने बचाया खिताब, थंगावेलु मरियप्पन व एकता भयान ने भी लहराया तिरंगा

0
Social Share

कोबे (जापान), 21 मई। गत पैरालम्पिक चैम्पियन भारत के सुमित अंतिल ने मंगलवार को यहां विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की एफ64 भाला फेंक स्पर्धा में अपना खिताब बरकरार रखा जबकि थंगावेलु मरियप्पन और एकता भयान ने भी क्रमश: ऊंची कूद और क्लब थ्रो में स्वर्ण पदक जीते।

भारतीय पैरा एथलीटों ने अब तक 4 स्वर्ण सहित 10 पदक जीते

सच पूछें तो गत 17 मई से जारी प्रतियोगिता में आज का दिन भारतीय पैरा एथलीटों के लिए सर्वाधिक फलदायी रहा, जब उन्होंने गोल्डेन हैट्रिक पूरी करने के साथ एक रजत व एक कांस्य पदक भी जीता। भारतीय एथलीटों ने इस प्रतियोगिता में अब तक चार स्वर्ण, चार रजत व दो कांस्य सहित कुल 10 पदक जीते हैं। प्रतियोगिता में अभी चार दिन शेष है।

सुमित ने 69.50 मीटर की दूरी तक भाला फेंका, संदीप को कांस्य

टोक्यो पैरालम्पिक और 2023 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुमित ने भाले को 69.50 मीटर की दूरी तक फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सुमित के हमवतन संदीप ने इसी स्पर्धा में 60.41 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता।

मरियप्प्न ने ऊंची कूद में बाजी मारी, एकता क्लब थ्रो में अव्वल

टोक्यो पैरालंपिक के रजत पदक विजेता मरियप्पन ने इसके बाद 1.88 मीटर के चैंपियनशिप रिकॉर्ड के साथ टी63 ऊंची कूद में स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पहले एकता ने महिला एफ51 क्लब थ्रो में 20.12 के सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में भारत की कशिश लाकड़ा ने 14.56 मीटर के थ्रो से रजत पदक अपने नाम किया।

दीप्ति ने 400 मीटर दौड़ में बनाया था विश्व रिकॉर्ड

इसके पूर्व सोमवार को दीप्ति जीवनजी की अगुआई में भारतीयों ने स्वर्ण सहित तीन पदक जीते थे। दीप्ति ने महिलाओं की 400 मीटर टी20 रेस में 55.07 सेकेंड के विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था। दीप्ति ने अमेरिका की ब्रियाना क्लार्क का 55.12 सेकेंड का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा था, जो उन्होंने पिछले वर्ष पेरिस में बनाया था।

योगेश कथुनिया ने सोमवार को ही पुरुषों के एफ 56 वर्ग चक्का फेंक में 41.80 मीटर प्रक्षेप के साथ रजत पदक जीता था जबकि भाग्यश्री जाधव ने महिलाओं की गोला प्रक्षेप F34 स्पर्धा में 7.52 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया था।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार को भारत के लिए निषाद कुमार ने ऊंची कूद में रजत पदक और प्रीति पाल ने महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा का कांस्य पदक जीता था। टोक्यो पैरालम्पिक के रजत पदक विजेता निषाद ने पुरुषों की ऊंची कूद टी47 फाइनल में 1.99 मीटर के प्रदर्शन से दूसरा स्थान हासिल करने के साथ भारत का खाता खोला था। बाद में प्रीति पाल ने महिलाओं की टी35 वर्ग की 200 मीटर स्पर्धा के फाइनल में 30.49 सेकेंड के समय से तीसरा स्थान हासिल कर भारत को दूसरा पदक दिलाया था।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code