1. Home
  2. कारोबार
  3. टैरिफ पर अमेरिकी कोर्ट के फैसले के बाद शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 480 अंक चढ़ा, निफ्टी 25700 के पार
टैरिफ पर अमेरिकी कोर्ट के फैसले के बाद शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 480 अंक चढ़ा, निफ्टी 25700 के पार

टैरिफ पर अमेरिकी कोर्ट के फैसले के बाद शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 480 अंक चढ़ा, निफ्टी 25700 के पार

0
Social Share

मुंबई, 23 फरवरी। दुनियाभर के देशों पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप  की ओर से पिछले वर्ष लागू व्यापक शुल्क (टैरिफ) अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा रद किए जाने से उपजी सकारात्मक धारणा के बीच घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, वाहन व वित्तीय शेयरों में लिवाली से सोमवार को बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 480 अंक चढ़ने के साथ फिर 83,000 के पार पहुंच गया वहीं एनएसई निफ्टी 142 अंकों की तेजी दर्ज करने के साथ 25,700 के पार जाकर ठहरा।

हालांकि, तेजी के इस माहौल में भी सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों के शेयरों में बिकवाली से आईटी सूचकांक दबाव में बना रहा। आईटी कम्पनियों पर कृत्रिम मेधा (AI) से संभावित व्यवधान को लेकर चिंता हावी है।

सेंसेक्स 0.58 प्रतिशत चढ़कर 83,294.66 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 479.95 अंक यानी 0.58 प्रतिशत चढ़कर 83,294.66 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 671.44 अंक चढ़कर 83,486.15 अंक तक जा पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के शेयर सकारात्मक रहे जबकि 11 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 141.75 अंक बढ़कर 25,713 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 141.75 अंक यानी 0.55 प्रतिशत बढ़कर 25,713 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 200.2 अंक चढ़कर 25,771.45 अंक तक चला गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 34 के शेयर मजबूत हुए और 16 में कमजोरी दिखी।

निवेशकों ने 1.96 लाख करोड़ रुपये कमाए

बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 469.07 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 467.11 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप करीब 1.96 लाख करोड़ रुपये बढ़ा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.96 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।

अदाणी पोर्ट्स में सर्वाधिक 2.98 प्रतिशत की तेजी

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में अदाणी पोर्ट्स में सर्वाधिक 2.98 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा और लार्सन एंड टुब्रो में भी बढ़त रहीं।

दूसरी तरफ, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, ट्रेंट, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फिनसर्व, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईटीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इटर्नल, टाटा स्टील और इंडिगो के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।

एफआईआई ने 934.61 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 934.61 करोड़ रुपये शेयरों की शुद्ध बिकवाली की जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,637.15 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71.49 डॉलर प्रति बैरल रहा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code